
उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। साक्षी महाराज का निशाना राहुल और प्रियंका गांधी पर था। कड़े तेवरों में साक्षी महाराज ने राहुल और प्रियंका को चुनौती दे डाली।उन्होंने कहा हिम्मत है तो वह उन्नाव आकर चुनाव लड़ लें। साक्षी महाराज ने इस दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्नाव के शुक्लागंज में सरैया वाटिका निर्माण के उद्घाटन पर पहुंचे साक्षी महाराज ने कहा, ये योगी-मोदी की सरकार जो कहती है वह करती है। उन्होंने कहा, हम शिलान्यास करते हैं तो उद्घाटन भी हम ही करते हैं। केवल शिलान्यास करने वाली सरकारी नहीं है। 2024 में जनता आप को फिर मौका देगी? सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा, हमने पूरी तैयारी कर ली है। हमने जनता के सारे सवालों के जवाब तैयार कर लिए हैं। एक पुस्तिका में सब लिख रखा है, जब जनता हमारी पुस्तिका को जांचेगी तो 99 प्रतिशत मार्क हमे ही देगी।
राहुल और प्रियंका गांधी के सवाल पर साक्षी महाराज के तेवर तीखे हो गए। उन्होंने कहा, राजनीति में जिनका स्तर नहीं है, उनका नाम लेना भी पसंद नहीं करता। उनके किसी भी कमेंट का उत्तर देना भी उचित नहीं समझता। प्रियंका गांधी को लेकर साक्षी महाराज बोले, कांग्रेस से बड़े से बड़ा नेता, चाहें राहुल हो या प्रियंका, हिम्मत हो तो उन्नाव में आकर चुनाव लड़ लें। राम मंदिर निर्माण को लेकर जब साक्षी महाराज से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, विपक्ष कहती है कि राम मंदिर का श्रेय भाजपा लूट रही है, जबकि यह आदेश सुप्रीम कोर्ट का था। उन्हें बतादूं कि यह 500 सालों की लंबी लड़ाई थी।
उन्होंने कहा, हमने छाती पर गोलियां खाईं और कई आंदोलन झेले हैं। इन हाथों ने सैकड़ों लाशों को सरयू से निकाला है। हमने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के दम्भ को देखा है। हमने राम मंदिर बनाने के लिए क्या नहीं किया। आज हमारी सरकार है। उस समय तीन-तीन सरकारें कुर्बान हो गई थीं। आज हमे अगर जनता श्रेय देगी तो जनता के ऊपर निर्भर करता है, लेकिन हम श्रेय लेने के लिए कहीं दौड़ नहीं रहे हैं।
मोदी को हटाकर किसे लाएंगे? आज तक बता नहीं पाई कांग्रेस : साक्षी
साक्षी महाराज ने आगे कहा, विपक्ष के पास केवल एक नारा है मोदी हटाओ पर किसको लाओ, ये आज तक नहीं बता पाए। इतनी हिम्मत भी नहीं है कि वह बता सकें। खिसयानी बिल्ली खंभा नोचती है। कांग्रेस ऐसे कई आरोप भारतीय जनता पार्टी पर लगाती रहती है। मध्यप्रदेश में सपा और कांग्रेस के गठबंधन में सीट बंटवारे पर साक्षी महाराज ने कहा, एक तराजू में मेढ़कों को नहीं तोला जा सकता। धीरे-धीरे मेढक टर्र-टर्र करके भागने लगेंगे।
सरैया वाटिका का साक्षी महाराज ने किया उद्घाटन
यूपी के उन्नाव में करीब 62.49 लाख की लागत से बनकर तैयार हुई सरैया वाटिका का भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने रविवार को उद्घाटन किया। साक्षी महाराज ने इस दौरान बताया कि वाटिका में युवा, बुजुर्ग और बच्चों के लिए खास व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने शुक्लागंज में बनी सरैया वाटिका का निर्माण लाखों रुपये से करवाया है जो अत्याधुनिक सुविधाओं से बनी है। उद्घाटन के दौरान डीएम अपूर्वा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।