
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अयोध्या पहुंच कर श्रीरामजन्म भूमि में विराजमान रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके साथ निर्माणाधीन मंदिर के गर्भगृह में जाकर माथा टेका। इस मौके पर मंदिर निर्माण एजेंसी एलएंडटी और टीईसी के अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।इसके साथ ही निर्माण की प्रगति पर संतोष भी जताया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र के अलावा श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा. अनिल मिश्र, अयोध्या नरेश विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र और मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव सहित अन्य से भी भेंट कर उनका कुशल क्षेम जाना।इसके पहले मुख्यमंत्री योगी ने हनुमानगढ़ी में जाकर आराध्य के चरणों में भी अपनी श्रद्धा निवेदित की। मुख्यमंत्री योगी अपने निर्धारित समय पर रामकथा पार्क के निकट स्थित हेलीपैड पर उतरे। यहां उनकी अगवानी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। इस मौके पर उन्हें चौधरी चरण सिंह घाट पर ही पुलिस के जवानों ने सलामी दी। दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने रामकथा संग्रहालय में होम स्टे के आवेदकों को प्रमाण पत्र वितरण किया और फिर आयुक्त सभागार में आयोजित दीपोत्सव की तैयारियों एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक के लिए प्रस्थान कर गए।