दानिश आजाद अंसारी का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- ’26 सीटें देकर सपा ने कांग्रेस को दिखाई उसकी हैसियत’

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए दोनों दलों के बीच चल रही सीटों की खींचतान पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता सीटों के बंटवारे को लेकर आपस में उलझे हुए हैं, जबकि प्रदेश के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है. दानिश आजाद ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी की जनता एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ NDA की सरकार बनाएगी.

मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर इस कदर खींचतान चल रही है कि दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाने और छीछालेदर करने में लगी हैं. उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस को महज 26 सीटें देकर उसकी राजनीतिक हैसियत दिखा दी है.

‘सपा-कांग्रेस घमंड में चूर’

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपा और कांग्रेस की स्थिति ऐसी है कि दोनों दलों के पैरों के नीचे जमीन नहीं बची है और वे घमंड में चूर हैं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दोनों पार्टियों का कोई जनाधार नहीं है. मंत्री ने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा.

‘यूपी की जनता भूली नहीं है सपा का शासनकाल’

सपा और कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए दानिश आजाद ने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने संवैधानिक मर्यादा को तार-तार करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के शासनकाल को नहीं भूली है, जब प्रदेश में माफियाओं का आतंक था और महिलाएं व बेटियां तक सुरक्षित नहीं थीं.

मंत्री के मुताबिक, इसी वजह से प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया था. उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता NDA के पक्ष में समर्थन देगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *