उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (15 नवंबर) को लखनऊ में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय सरकारी नौकरियों में वसूली और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि पहले नौकरी निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी और जिसने रसीद कटवाई, उसी की नौकरी लगती थी।
सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता, दंगे और कर्फ्यू आम बात हुआ करते थे, लेकिन अब प्रदेश की स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा, “अब न कर्फ्यू है और न दंगा, सब चंगा है.”
माफियाओं पर कार्रवाई से यूपी में बदला माहौल: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले निवेशक उत्तर प्रदेश आने से डरते थे, लेकिन मौजूदा सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, “पहले इन्वेस्टर यूपी में नहीं आते थे. वो आने से डरते थे. हमारी सरकार ने माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया है. नकल माफिया को खत्म किया गया है. प्रदेश में अब युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरी मिल रही है.”
सीएम योगी ने दावा किया कि सरकार की कोशिशों से अब युवाओं को बिना किसी भेदभाव और भ्रष्टाचार के पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने पिछली सरकारों के कार्यकाल और मौजूदा व्यवस्था के बीच अंतर बताते हुए प्रदेश में आए बदलावों का जिक्र किया।
ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई के लिए मुफ्त में जमीन देने का किया जिक्र
लखनऊ में स्थापित हो रही ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर से पहले ही इस परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गई थी। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर से पहले ब्रह्मोस मिसाइल के लिए लखनऊ में जमीन दी गई थी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इसका उद्घाटन करना था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान व्यस्त होने के कारण उन्होंने मुझे उद्घाटन करने को कहा. जमीन देने से पहले मेरी DRDO के अफसरों के साथ बैठक हुई. मैंने उनसे साफ कहा कि, जमीन मुफ्त में देंगे लेकिन इसके साथ एक शर्त रखी. मैने उनसे कहा कि उत्तर प्रदेश के कॉलेजों से पढ़े युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए.”
मुख्यमंत्री के मुताबिक, जमीन देने से पहले रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के अधिकारियों के साथ उनकी बैठक हुई थी। इस दौरान उन्होंने परियोजना में उत्तर प्रदेश के कॉलेजों से पढ़ाई करने वाले युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की शर्त रखी थी।
दो करोड़ टैबलेट बांटने का लक्ष्य, 53 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को मिले टैबलेट
टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्र-छात्राओं को इसका सही इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि टैबलेट का उपयोग पढ़ाई, नई जानकारियां हासिल करने और अपने ज्ञान को बढ़ाने के लिए करें।
सीएम योगी ने बताया कि कोरोना काल में जब शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हुई थी, तब सरकार ने यह सुनिश्चित करने का फैसला लिया था कि इसका असर बच्चों के भविष्य पर न पड़े। इसी उद्देश्य से प्रदेश में दो करोड़ टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस योजना के पहले चरण में पांच लाख टैबलेट बांटे गए थे।
रविवार को लखनऊ मंडल के चार जिलों के 53 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे दुनिया में हो रहे नए बदलावों और महत्वपूर्ण जानकारियों से जुड़े रहने, जरूरी सूचनाएं सुरक्षित रखने तथा अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए इन उपकरणों का इस्तेमाल करें।
युवाओं में बजरंगबली जैसी ताकत, सीएम योगी ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी क्षमता और सामर्थ्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर बजरंगबली जैसी शक्ति मौजूद है, लेकिन कई बार उन्हें अपनी ताकत का एहसास कराने की जरूरत होती है।
सीएम योगी ने कहा कि देश की कुल आबादी में करीब 56 फीसदी युवा हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की आबादी में युवाओं की हिस्सेदारी लगभग 60 फीसदी है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी वास्तविक ताकत और क्षमता का एहसास कराने के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का काम कर रही है।