यूपी में चुनाव से पहले सपा का नया पोस्टर बना चर्चा का विषय, रावण और सीताहरण का जिक्र कर BJP सरकार पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच पोस्टर वार तेज होता नजर आ रहा है। लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगाया गया एक नया पोस्टर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। इस होर्डिंग के जरिए सपा नेता ने माता सीता और रावण का उदाहरण देते हुए प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट के आरोप लगाए हैं। पोस्टर में एक ओर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर है, जबकि दूसरी ओर भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र लगाए गए हैं।

सपा दफ्तर के बाहर लगा अखिलेश यादव, भगवान राम और श्रीकृष्ण का पोस्टर

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर यह बड़ी होर्डिंग मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट प्रवेश यादव की ओर से लगवाई गई है। पोस्टर के बाईं तरफ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर दिखाई गई है। वहीं, दूसरी ओर भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र लगाए गए हैं। इसके साथ ही पोस्टर पर उत्तर प्रदेश का नक्शा भी नजर आ रहा है।

इस होर्डिंग के जरिए सपा नेता ने धार्मिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंग का सहारा लेकर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। पोस्टर सामने आने के बाद यह राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

सीताहरण का जिक्र कर सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

पोस्टर पर बड़े अक्षरों में रामायण की सीताहरण की घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार पर तंज कसा गया है। इसमें लिखा है, ‘रावण ने एक बार भेष बदला, सीता मां चली गई…और यहां यूपी में 10 साल से भेष बदलकर लूट रहे हैं, भ्रष्टाचार कर रहे हैं.’

इस संदेश के जरिए सपा नेता ने सरकार पर भेष बदलकर जनता को लूटने और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। पोस्टर में अखिलेश यादव के साथ भगवान राम और श्रीकृष्ण की तस्वीरें लगाना सपा की सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कई मौकों पर अपनी पार्टी की इस राजनीतिक रणनीति को सामने रखते रहे हैं।

पहले भी बुलडोजर नीति पर पोस्टर से BJP को दी गई थी चुनौती

यूपी चुनाव को लेकर सपा और बीजेपी के बीच जारी राजनीतिक खींचतान के दौरान यह पहला पोस्टर नहीं है, जिसने सुर्खियां बटोरी हों। इससे पहले शुक्रवार को भी समाजवादी पार्टी का एक पोस्टर चर्चा में रहा था। उस पोस्टर के जरिए बीजेपी को खुली चुनौती दी गई थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बुलडोजर नीति पर निशाना साधा गया था।

उस पोस्टर पर लिखा था, ‘जो आए थे बुलडोज़र से, वो जाएंगे साइकिल से.. बुलडोजर वाली ज़ुल्मी हुकूमत के सामने आ डटी है जनता अपनी साइकिल के साथ.. इस घमंडी सत्ता के हर जुल्म के ख़िलाफ़ बदले की शुरुआत बदलापुर से..’

लगातार सामने आ रहे इन पोस्टरों से साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में सियासी बयानबाजी के साथ-साथ पोस्टर के जरिए भी राजनीतिक संदेश देने की कोशिश तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *