बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे उनकी जिन्नावादी मानसिकता काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हिंदू समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने सपा पर तुष्टीकरण और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव को करारा जवाब देगी।
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन को लेकर अखिलेश पर निशाना
दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के पीछे अखिलेश यादव की जिन्नावादी सोच है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मोहम्मद अली जिन्ना ने देश के बंटवारे की राजनीति की थी, उसी तरह अखिलेश यादव अब हिंदू समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने अखिलेश यादव पर सनातन धर्म को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने, लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और घुसपैठियों के साथ नजदीकी बढ़ाने जैसे आरोप भी लगाए। दिनेश प्रताप सिंह के मुताबिक, यही अखिलेश यादव की राजनीति की पहचान बन गई है।
‘कलयुग के मारीच हैं अखिलेश यादव’
बीजेपी प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने भी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भेदभाव और तुष्टीकरण की राजनीति अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के डीएनए में शामिल है। अखिलेश यादव को कलयुग का मारीच बताते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी का सफाया कर देगी।
अंकुश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी के अपमान का हिसाब नहीं ले सका, वह प्रदेश की जनता के हक की लड़ाई क्या लड़ेगा? बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी की जनता सपा को उसके राजनीतिक रवैये का जवाब देगी।