बीजेपी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उनकी सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया है। दिनेश शर्मा को हाल ही में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था।
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य रहे दिनेश शर्मा ने सभापति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर उच्च सदन की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपा था। उपराज्यपाल के तौर पर नई जिम्मेदारी संभालने से पहले उनका राज्यसभा से इस्तीफा देना जरूरी था।
राज्यसभा सचिवालय ने जारी की अधिसूचना
राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया, “उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा ने राज्यसभा की अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया है और सभापति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है.”
इस्तीफा देने से पहले दिनेश शर्मा ने बुधवार को वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अपनी अंतिम बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष भर्तृहरि महताब और अन्य सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और अपने विचार साझा किए। समिति के सदस्य रहे कई सांसदों ने भी दिनेश शर्मा को नई नियुक्ति के लिए बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पांच सितंबर को दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया था। इसके बाद अब राज्यसभा से उनके इस्तीफे को स्वीकार कर उनकी सीट खाली घोषित कर दी गई है।
रिटायर्ड एडमिरल डीके जोशी की जगह लेंगे दिनेश शर्मा
दिनेश शर्मा अब सेवानिवृत्त एडमिरल डीके जोशी की जगह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल का पद संभालेंगे। डीके जोशी ने 8 अक्टूबर 2017 को उपराज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
62 वर्षीय दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उनका राज्यसभा का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होना था, लेकिन उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने इससे पहले ही उच्च सदन की सदस्यता छोड़ दी है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद PM मोदी की तारीफ में क्या बोले शर्मा?
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद दिनेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अवसर तलाशने की क्षमता सभी के लिए प्रेरणादायक है।
दिनेश शर्मा ने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है और उनके निर्णय भविष्य के लिए नई राह प्रशस्त करते हैं। अब राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद दिनेश शर्मा जल्द ही केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल के तौर पर अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।