राम मंदिर के नए CEO बने जितेंद्र मिश्रा, पहली बार बोले- ‘भगवान राम का आशीर्वाद मानता हूं’

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक के बाद ट्रस्ट में नई नियुक्तियों का ऐलान किया गया है। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। जिम्मेदारी मिलने के बाद जितेंद्र मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है, जिसमें उन्होंने इस नियुक्ति को अपना सौभाग्य और भगवान राम का आशीर्वाद बताया।

राम मंदिर CEO बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा का पहला बयान

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर चयन समिति के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, “पहले तो मैं चयन समिति का बहुत ही हार्दिक रूप से धन्यवाद् करना चाहूंगा और मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि उन्होंने इतने सारे उम्मीदवारों में से मेरा चयन किया.”

उन्होंने इस जिम्मेदारी को अपने लिए भगवान राम का आशीर्वाद बताते हुए कहा, “मैं इसे भगवान राम का आशीर्वाद मानता हूं कि वायुसेना में 43 वर्षों की राष्ट्र सेवा के बाद, उन्होंने मुझे श्री राम मंदिर और श्री राम भक्तों की सेवा करने का अवसर दिया है.”

जितेंद्र मिश्रा ने अपनी नई भूमिका को लेकर भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा, “मैं भगवान से यह प्रार्थना करूंगा कि वो मुझे सामार्थ्य दें कि मैं इस काम को अच्छी तरह से कर पाऊं.”

चयन प्रक्रिया को लेकर क्या बोले जितेंद्र मिश्रा?

CEO के चयन की प्रक्रिया से जुड़े सवाल पर जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि चयन समिति ने इस प्रक्रिया के बारे में पहले मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से जानकारी साझा की थी। उन्होंने कहा, “जो चयन समिति की प्रक्रिया थी मुझे लगता है उसे उन्होंने पहले मीडिया और इंटरनेट पर प्रसारित किया था और उनकी प्रक्रिया, टाइमलाइन बार-बार टीवी पर आती रही है. इस प्रक्रिया के बारे में चयन समिति ही बता पाएगी.”

उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए चयन समिति, राम मंदिर ट्रस्ट और भगवान श्रीराम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “सर्वप्रथम मैं चयन समिति, राम मंदिर ट्रस्ट और भगवान श्रीराम का आभारी हूं कि मुझे इस दायित्व के लिए मेरा चयन किया गया है.”

चढ़ावा चोरी के सवाल पर बोले- आने वाले समय पर ध्यान देना चाहता हूं

राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर जितेंद्र मिश्रा ने सीधे तौर पर किसी पुराने मामले पर टिप्पणी करने के बजाय भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। उन्होंने कहा, “मैं बीते समय की बात करने के बजाय आने वाले समय की बात ज्यादा करना चाहूंगा. आप बीते समय को भूल जाएं और आने वाले समय में हम प्रभु राम की कृपा से बहुत बढ़िया तरीके से इस काम को कर पाएंगे.”

CEO बनने के बाद क्या है जितेंद्र मिश्रा का प्लान?

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आगे की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि उनके चयन को अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, इसलिए फिलहाल भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात करना जल्दबाजी होगी।

उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले ही मेरा सीईओ के रूप में चयन हुआ है. ऐसे में मुझे नहीं लगता कि इस समय यह सवाल प्रासंगिक है. मैं जब सीईओ के रूप में कार्यभार संभाल लूंगा तो ट्रस्ट के प्रयास और अपनी टीम की मदद से जो भी राम मंदिर के लिए उत्तम से उत्तम कार्य होगा वो मैं करने का पूरा प्रयत्न करूंगा.”

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के बाद अब राम मंदिर ट्रस्ट के कामकाज को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उन्होंने अपनी पहली प्रतिक्रिया में 43 वर्षों की वायुसेना सेवा के बाद श्री राम मंदिर और राम भक्तों की सेवा का अवसर मिलने को विशेष जिम्मेदारी बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *