PM मोदी के विदेश दौरों पर 5 साल में कितना हुआ खर्च? संसद में सरकार ने जारी किए पूरे आंकड़े

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आधिकारिक विदेश यात्राओं पर हुए खर्च को लेकर सरकार ने संसद में विस्तृत जानकारी दी है। गुरुवार (6 अगस्त) को विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने राज्यसभा में लिखित जवाब के माध्यम से बताया कि वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर अब तक करीब 74.5 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

सरकार के अनुसार, फरवरी से जुलाई 2026 के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने 13 देशों की आधिकारिक यात्राएं कीं। साथ ही वर्ष 2021 से अब तक उनकी सभी विदेश यात्राओं पर हुए कुल खर्च का ब्यौरा भी सदन में पेश किया गया।

पांच वर्षों में विदेश दौरों पर 550 करोड़ रुपये से अधिक खर्च

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, वर्ष 2021 से लेकर 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर 550 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

सरकार ने कहा कि ये यात्राएं भारत के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम रही हैं। इन दौरों के दौरान हुए समझौतों से टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा और सप्लाई चेन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूती मिली है।

विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के बीच भारत को 381.8 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्राप्त हुआ।

किस साल कितना हुआ खर्च?

राज्यसभा में दिए गए सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर वर्षवार खर्च इस प्रकार रहा है—

  • 2026: लगभग 74.5 करोड़ रुपये (फरवरी से जुलाई तक)
  • 2025: 180 करोड़ रुपये से अधिक
  • 2024: लगभग 109 करोड़ रुपये
  • 2023: लगभग 93 करोड़ रुपये
  • 2022: लगभग 55 करोड़ रुपये
  • 2021: लगभग 36 करोड़ रुपये

2026 की सबसे महंगी विदेश यात्रा कौन-सी रही?

विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने बताया कि वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की सबसे अधिक खर्च वाली यात्रा मई महीने में हुई, जब उन्होंने पांच देशों का दौरा किया। इस आधिकारिक दौरे पर करीब 17.46 करोड़ रुपये खर्च हुए।

कुछ आंकड़े अभी अंतिम नहीं

सरकार द्वारा जारी खर्च के विवरण में कुछ देशों के सामने स्टार (*) का निशान भी लगाया गया है। इसका अर्थ है कि उन यात्राओं से जुड़े सभी बिलों का अंतिम निपटान अभी नहीं हुआ है। भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद वास्तविक खर्च के अंतिम आंकड़े सामने आएंगे।

सरकारी दस्तावेजों में जून 2026 में प्रधानमंत्री मोदी के फ्रांस दौरे पर हुए खर्च को भी अभी शामिल नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *