रूस की हरकतों से छिड़ सकता है तीसरा विश्व युद्ध? ब्रिटेन के खुफिया प्रमुख ने दी बड़ी चेतावनी

ब्रिटेन के हेड ऑफ डिफेंस इंटेलिजेंस लेफ्टिनेंट जनरल मैथ्यू जोन्स ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पश्चिमी देशों के प्रति बढ़ते आक्रामक रवैये को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि रूस की ओर से किसी बड़ी गलतफहमी या गलत आकलन के कारण बेहद खतरनाक स्थिति पैदा हो सकती है। हालात बिगड़ने पर छोटी-छोटी घटनाएं बड़े सैन्य संघर्ष में बदल सकती हैं और इसका असर तीसरे विश्व युद्ध तक पहुंच सकता है।

जोन्स के मुताबिक, रूस जानबूझकर नाटो के साथ युद्ध नहीं चाहता, लेकिन उसकी बढ़ती ‘लापरवाह हरकतों’ से ऐसी घटनाओं का जोखिम बढ़ रहा है, जिनका परिणाम व्यापक टकराव के रूप में सामने आ सकता है।

ब्रिटेन के हेड ऑफ डिफेंस इंटेलिजेंस ने क्या कहा?

‘कैम्ब्रिज इंटेलिजेंस सेमिनार’ में दिए गए भाषण के दौरान मैथ्यू जोन्स ने कहा, ‘मेरा सबसे बड़ा डर किसी बड़ी गलतफहमी या गलत आकलन के खतरे को लेकर है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘पुतिन दबाव में हैं और हमें चुनौती देने की कोशिश में उनका रवैया ज्यादा सख्त और आक्रामक होता जा रहा है.’ हाल के दिनों में रूस के लापरवाह व्यवहार के ऐसे कई उदाहरण देखने को मिले हैं, जहां अगर हालात थोड़े भी अलग होते तो इसके परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे.’

उनका यह बयान नाटो देशों और उनके आसपास रूस की बढ़ती गतिविधियों को लेकर पश्चिमी देशों में जारी चिंताओं के बीच आया है। रिपोर्ट में पोलैंड में रूसी मिसाइलों और एक संदिग्ध ड्रोन गिरने की घटनाओं का जिक्र किया गया है। इसके अलावा डेनमार्क में एक अमेरिकी-यूक्रेनी नागरिक की हत्या की कथित साजिश की खबर भी सामने आई है, जिसके तार रूसी खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है।

जोन्स ने रूस से जुड़ी कई घटनाओं का किया जिक्र

मैथ्यू जोन्स ने रूस से जुड़ी कुछ अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें जर्मनी के लीपजिग शहर के एक एयरपोर्ट पर हुआ ड्रोन हमला शामिल है। उन्होंने इस घटना को ‘हाल का सबसे गंभीर और निंदनीय उदाहरण’ बताया।

इसके साथ ही उन्होंने नाटो सदस्य देश रोमानिया के ब्लैक सी क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों के डूबने की घटनाओं की ओर भी ध्यान दिलाया। इन घटनाओं को रूस की गतिविधियों से जुड़ी व्यापक सुरक्षा चिंताओं के संदर्भ में पेश किया गया।

रूस के साथ संघर्ष नहीं चाहता ब्रिटेन, लेकिन सुरक्षा पर समझौता नहीं

ब्रिटिश खुफिया प्रमुख ने स्पष्ट किया कि उनका देश रूस के साथ किसी तरह का सैन्य संघर्ष या टकराव नहीं चाहता। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन अपनी और अपने सहयोगी देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पैदा होने वाले किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए तैयार है।

जोन्स ने कहा, ‘मैं यह साफ करना चाहता हूं कि ब्रिटेन का रुख यह है कि हम रूस के साथ कोई संघर्ष या टकराव नहीं चाहते हैं, लेकिन जब हमारी और हमारे सहयोगियों की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होगा तो हम पूरी मजबूती से अपनी रक्षा करेंगे.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *