पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के शानदार प्रदर्शन के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है। 4 मई को सामने आए चुनाव परिणामों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बंगाल की जनता का आभार व्यक्त किया और पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताया।
‘बंगालवासियों ने घुसपैठियों को सिखाया सबक’
अमित शाह ने अपने बयान में कहा, “बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियां कभी भूल नहीं पाएंगी. बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदी जी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे.”
‘सोनार बांग्ला’ के सपने को पूरा करने का वादा
अपने संदेश में शाह ने बंगाल की महान सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और ‘सोनार बांग्ला’ के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी.”
कार्यकर्ताओं के संघर्ष को बताया जीत की असली ताकत
अमित शाह ने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष को दिया। उन्होंने कहा, “बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा.”
‘शहीद कार्यकर्ताओं को जनता की श्रद्धांजलि’
अपने बयान के अंत में शाह ने उन कार्यकर्ताओं को याद किया जिन्होंने पार्टी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा, “भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं. बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है.”