Tamil Nadu Election Result 2026: तमिलनाडु में नई सियासी कहानी, विजय के वादों ने बदला खेल, DMK-AIADMK को पीछे छोड़ा

देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु—में जारी मतगणना के बीच तमिलनाडु का चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसकी वजह हैं साउथ के सुपरस्टार से नेता बने थलपति विजय, जो पहली बार अपनी पार्टी के साथ चुनाव मैदान में उतरे और अब जीत की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेट्री कजगम) 107 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस गठबंधन वाली DMK 74 सीटों पर सिमटी हुई दिख रही है। वहीं बीजेपी गठबंधन के साथ AIDMK भी मुकाबले में पीछे नजर आ रही है।

क्यों जनता ने विजय पर जताया भरोसा?

थलपति विजय की जीत केवल उनकी लोकप्रियता का नतीजा नहीं मानी जा रही, बल्कि उनकी पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों ने भी बड़ी भूमिका निभाई है। अप्रैल में जारी मैनिफेस्टो में महिलाओं, मध्यम वर्ग, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के लिए कई योजनाएं शामिल की गईं, जिन्होंने सीधे जनता को प्रभावित किया।

महिलाओं और आम जनता के लिए बड़े वादे

विजय ने अपने घोषणा पत्र में गृहणियों को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को 3,000 रुपये मासिक पेंशन देने की बात कही गई है। इस योजना का विस्तार कर 15 लाख लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन देने और गरीब दुल्हनों के लिए एक तोला सोना व रेशमी साड़ी देने की योजना भी शामिल है। साथ ही हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, पाइप से पीने का पानी और साल में छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा भी किया गया है।

युवाओं और छात्रों पर खास फोकस

युवाओं के लिए भी कई आकर्षक घोषणाएं की गई हैं। स्नातक तक पढ़े बेरोजगारों को 4000 रुपये और डिप्लोमा धारकों को 2500 रुपये मासिक भत्ता देने का वादा किया गया है। इंटर्नशिप के लिए 5,000 से 8,000 रुपये तक स्टाइपेंड और पांच लाख युवाओं के लिए 18,000 रुपये की रोजगार सहायता योजना भी प्रस्तावित है।

इसके अलावा सरकारी जमीन पर मुफ्त आवासीय पट्टे देने, शिक्षा और प्रशासन में AI आधारित सिस्टम लागू करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए AI आधारित सहायता देने की योजना भी शामिल है। कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए मुफ्त आवासीय स्कूल खोलने का वादा भी किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का रोडमैप

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुफ्त हेल्थ चेक-अप, सस्ती दवाइयां और कैंसर के लिए विशेष बीमा कवर देने का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही ‘नशा मुक्त तमिलनाडु’ अभियान शुरू करने की भी घोषणा की गई है।

किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों के लिए योजनाएं

विजय ने किसानों के लिए भी राहत का ऐलान किया है। पांच एकड़ से अधिक जमीन वाले किसानों को 50 प्रतिशत कर्ज राहत और सौर ऊर्जा योजनाओं का लाभ देने की बात कही गई है। मछुआरों को न्यूनतम समर्थन मूल्य, ऑफ-सीजन में 27,000 रुपये की सहायता और 25 लाख रुपये का बीमा कवर देने का वादा भी किया गया है।

आंगनबाड़ी कर्मचारियों को 18,000 रुपये और सफाई कर्मचारियों को 10,000 रुपये वेतन देने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं लंबे समय से सेवा दे रहे सरकारी कर्मचारियों को 15 लाख रुपये का लाभ देने की योजना भी शामिल है।

चुनावी तस्वीर और आगे का रास्ता

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था। इस बार DMK और AIDMK को कड़ी टक्कर देने के लिए विजय की पार्टी TVK मैदान में उतरी और पहली ही बार में उसने मजबूत पकड़ बना ली है। मौजूदा रुझानों में TVK सबसे आगे चल रही है, जिससे राज्य की सियासत में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *