Azam Khan-Akhilesh Yadav Meeting: जेल में मुलाकात पर BJP सांसद संगीता बलवंत का सपा पर हमला, बोलीं- अपने कर्मों का भुगतान कर रहे अखिलेश

आजम खान और समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव की जेल में मुलाकात को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। गाजीपुर से बीजेपी की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने सपा पर अलगाववाद और सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी को राष्ट्रीय उदय और अंत्योदय के लिए काम करने वाली पार्टी बताया।

आजम खान से मुलाकात पर BJP सांसद ने सपा को घेरा

पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. संगीता बलवंत ने समाजवादी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी को ऐसे ही चीजों के लिए जाना जाता है, यह अलगाववाद पैदा करने और सांप्रदायिकता फैलाने के लिए माफियाओं को बढ़ावा देने का काम करते हैं. वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय उदय और अंत्योदय के लिए काम करती है.”

उन्होंने आगे कहा, “उनके (समाजवादी पार्टी) कार्यों को देखकर प्रदेश की जनता जान चुकी है, ऐसे में यहां के लोगों का विकास और देश की समृद्धि भारतीय जनता पार्टी के हाथों में है और अब कोई भी दूसरा दल उनके साथ छलावा नहीं कर सकता है.”

‘अपने कर्मों का भुगतान कर रहे अखिलेश यादव’

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर के उस बयान पर भी संगीता बलवंत ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि आजम खान के जेल में होने के लिए अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं।

इस पर बीजेपी सांसद ने कहा, “अखिलेश यादव हमेशा से ऐसे ही लोगों को बढ़ावा देते हैं, जो इस राष्ट्र के लिए समृद्धशाली नहीं होता है और राष्ट्र के हित में नहीं होता है. इसलिए अखिलेश यादव अपने कर्मों का भुगतान कर रहे हैं.”

संगीता बलवंत के इस बयान से आजम खान और अखिलेश यादव को लेकर बीजेपी तथा सपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

राम गोपाल यादव के बयान पर क्या बोलीं संगीता बलवंत?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव के बयान पर भी डॉ. संगीता बलवंत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विधान परिषद चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस तरह बीजेपी का परचम लहरा रहा है, उसी तरह विधान परिषद के चुनाव में भी पार्टी को सफलता मिलेगी।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इन चुनावों को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक मुकाबले पर सबकी नजर है।

MLC चुनाव में मतदान करने पहुंचीं BJP सांसद

गाजीपुर से राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत विधान परिषद चुनाव में मतदान करने पहुंचीं। इसके बाद वह गाजीपुर के राजकीय सिटी इंटर कॉलेज भी गईं। उन्होंने चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी पर बात करते हुए कहा कि गाजीपुर के लोग बढ़-चढ़कर मतदान कर रहे हैं।

साथ ही उन्होंने मतदाताओं से राष्ट्र की समृद्धि और विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान करने की अपील की। विधान परिषद चुनाव के बीच उनके इस बयान को राज्य की राजनीतिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *