उत्तर प्रदेश में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। एयरपोर्ट के फेज-2 और आगे के विकास कार्यों के लिए नोएडा क्षेत्र के 14 गांवों की हजारों बीघा जमीन अधिग्रहित की जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों को मुआवजा देने और प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की है।
एयरपोर्ट विस्तार के लिए शुरू हुई भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद अब इसके अगले चरण के विस्तार की तैयारी तेज कर दी गई है। किसानों को मुआवजा वितरण और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी मेधा रुपम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि अधिग्रहण से प्रभावित गांवों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे ताकि किसानों की औपचारिकताएं तेजी से पूरी कराई जा सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के स्टेज-2 एवं फेज-2 और स्टेज-2 एवं फेज-3 के विकास के लिए जेवर तहसील के 14 गांवों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसके तहत कुल 1838.4176 हेक्टेयर जमीन यानी करीब 7260 बीघे से अधिक भूमि के बदले किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
किसानों की सुविधा के लिए गांव-गांव लगाए जाएंगे कैंप
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 3 अप्रैल से प्रत्येक गांव में रोजाना कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में किसानों को प्रतिकर प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे और मुआवजा संबंधित पत्रावलियां तैयार की जाएंगी। साथ ही अन्य जरूरी औपचारिकताएं भी मौके पर पूरी कराई जाएंगी।
हर गांव में तैनात किए गए राजस्व अधिकारी
जिलाधिकारी ने प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए प्रत्येक गांव में राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और अमीन की तैनाती के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार, जेवर को सभी कैंपों का प्रभारी बनाया गया है, जिन्हें नायब तहसीलदार के साथ रोजाना गांवों का दौरा करने और तैयार दस्तावेजों की जांच कर हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन गांवों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 3 अप्रैल को कई स्थानों पर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें थोरा गांव का प्राथमिक विद्यालय-1, नीमका शाहजहांपुर, ख्वाजपुर, रामनेर, किशोरपुर, बनवारीबांस, पारोही और रोही के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, मुकीमपुर शिवारा, जेवर बांगर, साबोता मुस्तफाबाद के पंचायत भवन, दयानतपुर के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज, अहमदपुर चौरोली के पंचायत भवन तथा बंकापुर गांव के डॉ. अंबेडकर भवन शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने गांव में आयोजित कैंपों में पहुंचकर भूमि अधिग्रहण और प्रतिकर भुगतान से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराएं।