पेट्रोल नहीं बढ़ा लेकिन जेब पर पड़ा असर, अचानक महंगा हुआ प्रीमियम फ्यूल, जानें आपके शहर में आज क्या हैं नए रेट

भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर आम लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक तेल बाजार में उथल-पुथल के बावजूद देश के घरेलू बाजार में रेगुलर पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे हाई-ग्रेड फ्यूल इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और इजरायल-अमेरिका तथा ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति के कारण वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते कई देशों में ईंधन महंगा हुआ है। इसके विपरीत भारत में शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को सामान्य पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर रखे गए हैं। हालांकि BPCL के स्पीड, HPCL के पॉवर और IOCL के XP95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में 2.09 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां प्रीमियम पेट्रोल करीब 111.68 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर लगभग 113.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

देश के बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा दाम

देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है। मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। बेंगलुरु में पेट्रोल 102.92 रुपये और डीजल 90.99 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 105.41 रुपये और डीजल 92.02 रुपये प्रति लीटर है, जबकि हैदराबाद में पेट्रोल 107.5 रुपये और डीजल 95.7 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध है।

देश के कई शहरों में पेट्रोल की कीमतें अभी भी 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर बनी हुई हैं, जबकि डीजल अधिकतर जगहों पर 100 रुपये से नीचे बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमत

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को पेट्रोल की कीमत 94.51 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई, जबकि डीजल 87.57 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। पिछले 10 दिनों के दौरान राज्य में पेट्रोल के दाम में करीब 10 पैसे की मामूली बढ़त दर्ज की गई है। फरवरी 2026 के बाद से अब तक पेट्रोल की औसत कीमत 95.28 रुपये प्रति लीटर रही है, जबकि डीजल औसतन 88.40 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है।

बिहार में ईंधन के दामों की स्थिति

बिहार में शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को रेगुलर पेट्रोल की औसत कीमत 106.20 रुपये प्रति लीटर रही, जिसमें गुरुवार (19 मार्च, 2026) की तुलना में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं डीजल की औसत कीमत 92.40 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई। फरवरी 2026 के अंत में पेट्रोल 106.26 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.47 रुपये प्रति लीटर था, यानी एक महीने के दौरान कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का हाल

वैश्विक बाजार में हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड करीब 107 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई लगभग 94 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है। अमेरिका और इजरायल की ओर से तनाव कम होने के संकेत मिलने के बाद यह गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद तेल की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और संघर्ष शुरू होने के बाद से लगभग 50 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *