मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स को फर्जी लैब रिपोर्ट के जरिए विदेशों में एक्सपोर्ट कर करोड़ों रुपये कमाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के भोपाल जोनल कार्यालय ने इस मामले में कारोबारी किशन मोदी को गिरफ्तार किया है।
ED के अनुसार, आरोपी को 13 मार्च 2026 को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद 14 मार्च 2026 को उसे भोपाल की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए 18 मार्च 2026 तक ED की कस्टडी में भेज दिया।
भोपाल में दर्ज दो FIR के आधार पर कार्रवाई
यह कार्रवाई भोपाल में दर्ज दो अलग-अलग FIR के आधार पर की जा रही है। पहली FIR 29 अगस्त 2023 को हबीबगंज थाना में दर्ज हुई थी, जबकि दूसरी FIR 22 जुलाई 2024 को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) भोपाल ने दर्ज की थी। इन मामलों में मेसर्स जयश्री गायत्री फ़ूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर्स और अधिकारियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड के नाम पर मिलावटी प्रोडक्ट्स
जांच में सामने आया कि कंपनी ‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड के नाम से डेयरी उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचती थी। आरोप है कि इन उत्पादों में असली दूध की फैट की जगह पाम ऑयल और अन्य हानिकारक केमिकल मिलाए जाते थे। ये मिलावटी उत्पाद केवल भारत में ही नहीं बल्कि कई विदेशी देशों में भी निर्यात किए गए।
फर्जी लैब रिपोर्ट से लिया एक्सपोर्ट क्लियरेंस
ED की जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि एक्सपोर्ट की अनुमति हासिल करने के लिए कंपनी ने प्रतिष्ठित लैब्स के नाम पर फर्जी टेस्ट रिपोर्ट तैयार करवाई। इन नकली रिपोर्ट्स को निर्यात निरीक्षण एजेंसी (EIA), इंदौर के सामने जमा किया गया, ताकि उत्पादों को एक्सपोर्ट क्लियरेंस मिल सके। जांच के दौरान संबंधित लैब्स ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसी कोई रिपोर्ट जारी ही नहीं की थी, जिससे दस्तावेज पूरी तरह फर्जी साबित हुए।
20.59 करोड़ रुपये की संदिग्ध कमाई
ED के मुताबिक, फर्जी लैब रिपोर्ट्स के आधार पर कंपनी ने विदेशों में मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स भेजे और एक्सपोर्ट से प्राप्त भुगतान Axis बैंक और HDFC बैंक में मौजूद खातों में जमा कराया। जांच में करीब 20.59 करोड़ रुपये की रकम को ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ यानी अपराध से अर्जित धन माना गया है।
फिलहाल ED इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।