पंजाब में फिर ऑपरेशन लोटस का शोर, AAP विधायक का सनसनीखेज दावा- हरियाणा CM से मीटिंग का दिया ऑफर, मुंहमांगी मुराद का लालच

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर ‘ऑपरेशन लोटस’ (Operation Lotus) का जिन्न बाहर आ गया है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर अपने विधायकों को तोड़ने और खरीद-फरोख्त की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है. संगरूर से AAP की युवा विधायक नरिंदर कौर भराज ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए दावा किया है कि उन्हें बीजेपी में शामिल होने के लिए लालच दिया गया और इसके तार सीधे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जोड़े गए हैं.

संगरूर से टिकट और ‘मुंहमांगी मुराद’ का ऑफर

विधायक नरिंदर कौर भराज ने प्रेस के सामने आकर दावा किया कि पिछले 4-5 दिनों से संगरूर का ही एक रसूखदार व्यक्ति बिचौलिया बनकर उनसे संपर्क कर रहा था. भराज के मुताबिक, उस शख्स ने उन्हें ऑफर दिया कि अगर वह बीजेपी ज्वॉइन करती हैं, तो आगामी 2027 के चुनाव में उन्हें संगरूर से ही बीजेपी का टिकट दिया जाएगा.

इतना ही नहीं, विधायक ने दावा किया कि बिचौलिये ने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के साथ उनकी बैठक करवाने की पेशकश की और कहा कि “अगर उनकी कोई और मांग है (मुंहमांगी मुराद), तो उसे भी पूरा किया जाएगा.” भराज ने बताया कि उन्होंने इस पूरी बातचीत के सबूत और रिकॉर्डिंग पार्टी हाईकमान को सौंप दिए हैं.

AAP का तंज- बीजेपी के पास नेताओं का टोटा

इस मामले पर पंजाब के वित्त मंत्री और AAP के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने बीजेपी पर करारा हमला बोला. उन्होंने कहा, “बीजेपी के पास पंजाब में अपना कोई जनाधार और कद्दावर नेता नहीं है, इसलिए वे हताशा में दूसरी पार्टियों के नेताओं को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं. लेकिन AAP के विधायक बिकाऊ नहीं हैं.”

हरियाणा सरकार ने आरोपों को बताया ‘ड्रामा’

दूसरी तरफ, हरियाणा सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय ने इसे AAP की पुरानी और घिसी-पिटी रणनीति बताया. उन्होंने कहा, “पंजाब सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही है, जनता का ध्यान भटकाने के लिए वे अब ऐसे मनगढ़ंत और झूठे आरोप लगा रहे हैं.”

2027 चुनाव की तैयारी और पिछला इतिहास

गौर करने वाली बात है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी पंजाब में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं. यह पहली बार नहीं है जब AAP ने ऐसे आरोप लगाए हैं. 2022 में भी पार्टी ने दावा किया था कि बीजेपी उनके विधायकों को 25-25 करोड़ रुपये का ऑफर दे रही है, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *