‘गर्व से कहता हूं मैं हिंदू हूं, हमने कभी किसी को गुलाम नहीं बनाया’, स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सीएम योगी की हुंकार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के मौके पर एक बड़ा और प्रभावशाली संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की उदारता का बखान किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत के पास हमेशा से शक्ति और बुद्धि रही है, लेकिन हमने कभी इसका दुरुपयोग नहीं किया और न ही कभी किसी देश को अपना गुलाम बनाया।

‘मैं उस परंपरा से हूं, जिसने दुनिया को शरण दी’

सीएम योगी ने स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की सोई हुई चेतना को जगाया था। उस दौर का जिक्र करते हुए जब मुट्ठी भर विदेशी आक्रांताओं ने भारत को लूटा था, सीएम योगी ने कहा कि विवेकानंद ने दुनिया को बताया था कि सनातन धर्म ने हमेशा मानवता का रास्ता दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “शिकागो की धर्मसभा में स्वामी विवेकानंद ने कहा था मैं भारत की परंपरा से आया हूं जिसने सदैव मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है. हमने किसी पर जबरन अपनी बात नही थोपी.”

सीएम योगी ने विवेकानंद के शब्दों को दोहराते हुए कहा, “मैं गर्व से कहता हूँ मैं हिंदू हूँ.” उन्होंने आगे जोड़ा, “हमने किसी को गुलाम नहीं बनाया और मानवता के कल्याण का महान मार्ग अपनाया है. हमने अपनी बात किसी पर नहीं थोपा है. हमारे पास बल था बुद्धि थी पर हमने उसका दुरुपयोग नहीं किया है.”

दुनिया भारत और ‘मोदी जी’ की ओर देख रही है

वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची हुई है और ऐसे समय में सबकी निगाहें भारत पर टिकी हैं। उन्होंने कहा, “आज दुनिया में जो उथल पुथल मची हुई है हर देश की आवाज आ रही है, मोदी जी कुछ करिये.. ये भारत के सामर्थ्य के प्रति दुनिया का विश्वास है, उस विश्वास का प्रतीक भारत का युवा है.”

नशे के सौदागरों को ‘क्रश’ करने का संकल्प

युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सीएम योगी ने नशाखोरी के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पीएम मोदी के मंत्र ‘खेलोगे तो खिलोगे’ का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पंचायत में खेल का मैदान बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ लड़ाई में साथ दें। सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा, “नशे से युवा को दूर रखना है और नशे के कारोबारियों को क्रश करना है. इसमें आप भागीदारी करिए.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *