लुटेरी दुल्हन: शादी के 8 महीने बाद लाखों के गहने लेकर उड़ी, घर पर लटका मिला ताला

महोबा: बुंदेलखंड के महोबा जिले में ‘लुटेरी दुल्हन’ (Robber Bride) गिरोह का एक और सनसनीखेज कारनामा सामने आया है। शादी के अरमान सजाए एक युवक को दलालों के जरिए शादी करना इतना भारी पड़ा कि अब वह पुलिस के चक्कर काट रहा है। 50 हजार रुपये देकर ब्याह कर लाई गई पत्नी महज 8 महीने बाद लाखों के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई।

खेत में हुई थी शादी, 50 हजार में हुआ था सौदा

चरखारी तहसील के अस्थौन गांव के रहने वाले 35 वर्षीय पीड़ित रघुराज ने अपनी आपबीती एसपी को सुनाई है।

  • दलालों का खेल: गांव के ही चरण सिंह और कनेरा निवासी शेखर ने शादी कराने के बदले रघुराज से 50 हजार रुपये लिए थे।
  • शादी: अप्रैल 2025 में उसे मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर ले जाया गया, जहां खेतों में आनन-फानन में निशा नाम की लड़की से उसकी शादी करा दी गई।

मायके जाने की जिद और फिर…

शादी के बाद दलालों का घर में दखल बढ़ा और वे निशा के संपर्क में रहे। विरोध करने पर रघुराज को धमकियां मिलीं। कुछ दिन पहले निशा ने मायके जाने की जिद की। रघुराज उसे छोड़ आया, लेकिन जब वह दोबारा उसे लेने ससुराल (नरसिंहपुर) पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए।

  • घर पर ताला: ससुराल में ताला लटका था और निशा गायब थी।
  • लाखों की चपत: घर लौटने पर पता चला कि निशा अपने साथ सोने की बिजली, कंठी, मंगलसूत्र और चांदी की भारी पायल समेत लाखों के आभूषण भी ले गई है।

वीडियो सबूत मौजूद, एसपी से गुहार

रघुराज का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। उसके पास दलालों को पैसे देने का वीडियो सबूत भी मौजूद है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मोबाइल सर्विलांस के जरिए दुल्हन को खोजने और ठगों पर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *