शाहरुख खान का रिकॉर्ड ध्वस्त, रणवीर सिंह की धुरंधर बनी बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म, अब कल्कि पर है नजर

मुंबई: बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने इतिहास रच दिया है। रिलीज के 22वें दिन इस फिल्म ने वो कर दिखाया है जिसका इंतजार फैंस कर रहे थे। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस एक्शन-स्पाई थ्रिलर ने कमाई के मामले में शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर ‘जवान’ को पछाड़ दिया है। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म (Hindi Origin) बन गई है।

22वें दिन पलट गया पूरा खेल

क्रिसमस के मौके पर 26 करोड़ की बंपर कमाई करने के बाद फिल्म की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। आज यानी 22वें दिन शाम 7:05 बजे तक फिल्म ने 8.57 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। इसी के साथ फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 642.07 करोड़ रुपये हो गया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इस आंकड़े के साथ इसने शाहरुख खान की ‘जवान’ (640.25 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है, जो अब तक नंबर 1 पर काबिज थी।

अब प्रभास की ‘कल्कि’ निशाने पर

‘जवान’ को पछाड़ने के बाद अब ‘धुरंधर’ भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में 5वें नंबर की ओर बढ़ रही है। फिलहाल 5वें स्थान पर प्रभास, दीपिका और अमिताभ बच्चन स्टारर ‘कल्कि 2898 एडी’ है, जिसका कलेक्शन 646.31 करोड़ रुपये है। जिस रफ्तार से रणवीर सिंह की फिल्म बढ़ रही है, बहुत जल्द यह रिकॉर्ड भी टूटता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे पहले महज 3 हफ्तों में यह फिल्म इस साल की बड़ी हिट ‘कांतारा चैप्टर 1’ को भी पीछे छोड़ चुकी है।

दुनियाभर में 1000 करोड़ के करीब

फिल्म सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी धूम मचा रही है। अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे दिग्गजों से सजी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी झंडे गाड़े हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 3 हफ्तों में 980 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है और जल्द ही यह 1000 करोड़ के जादुई आंकड़े को पार कर जाएगी।

बॉक्स ऑफिस का लेखा-जोखा:

  • पहला हफ्ता: 207.25 करोड़ रुपये
  • दूसरा हफ्ता: 253.25 करोड़ रुपये
  • तीसरा हफ्ता: 173 करोड़ रुपये
  • कुल कमाई (अब तक): 642.07 करोड़ रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *