शशि थरूर को मिला पुतिन के साथ डिनर का न्योता, कांग्रेस सांसद ने तुरंत दिया क्लीयर जवाब, जानिए क्या बोले?

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार (5 दिसंबर 2025) को राष्ट्रपति भवन में एक राजकीय डिनर का आयोजन किया गया है। इसमें राजनीति, व्यापार और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इसी बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पुष्टि की है कि उन्हें इस डिनर का न्योता मिला है।

क्या थरूर जाएंगे पुतिन के साथ डिनर में?

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पुष्टि की कि वह इस रात्रिभोज में शामिल होंगे। उन्होंने न्योते पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे विदेश मामलों की कमिटी के चेयरमैन होने के नाते डिनर का न्योता मिला है और मैं जाऊंगा। पहले LOP (नेता प्रतिपक्ष) समेत कई नेताओं को आमंत्रित किया जाता था, जिसका अच्छा इंप्रेशन जाता था।”

थरूर ने निमंत्रण जारी करने के आधार पर सवाल उठाते हुए कहा, “पता नहीं किस आधार पर निमंत्रण जारी किए जाते हैं, लेकिन मैं जरूर शामिल हो जाऊंगा।” उन्होंने विदेश नीति में विपक्ष की भागीदारी पर जोर दिया और कहा, “फॉरेन पॉलिसी में हम सभी को एक साथ होना चाहिए क्योंकि हमारे दिल में सिर्फ भारत का हित है इसलिए अपोजिशन का किसी विजिटर से न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण होगा।”

‘कूटनीति में सिंबॉलिज्म ज़रूरी है’

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने यह भी कहा कि कूटनीति में सिंबॉलिज्म (प्रतीकवाद) और सब्सटेंस (तत्व) दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने कहा, “सिंबॉलिज्म हमारी विदेश नीति का एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है।”

उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “जब प्रधानमंत्री एयरपोर्ट जाते हैं तो वे उन्हें (रूसी राष्ट्रपति पुतिन को) एक प्राइवेट डिनर पर ले जाते हैं और उन्हें रशियन में ट्रांसलेट की हुई गीता देते हैं, ये सभी महत्वपूर्ण सिंबॉलिज्म संकेत हैं।”

भारत-रूस द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य 100 अरब डॉलर

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (5 दिसंबर 2025) को विश्वास जताया कि भारत और रूस के बीच 100 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य 2030 से पहले ही हासिल कर लिया जाएगा।

राष्ट्रपति पुतिन ने भी अपने वक्तव्य में कहा कि दोनों पक्ष वार्षिक व्यापार को वर्तमान 64 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 100 अरब अमेरिकी डॉलर करने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रूस भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तेल, गैस, कोयला और अन्य सभी आवश्यक वस्तुओं का विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *