अगर निशांत कुमार राजनीति में आएंगे तो…, CM नीतीश के बेटे को लेकर JDU के बयान पर BJP की प्रतिक्रिया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है। दरअसल, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा था कि पार्टी के लोग चाहते हैं कि निशांत कुमार पार्टी के लिए काम करें।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि, “अगर निशांत कुमार राजनीति में आएंगे तो कहीं और कहां जाएंगे, जेडीयू में ही काम करेंगे। ये बहुत अच्छी और खुशी की बात है।”

पुतिन ने की PM मोदी की तारीफ, पूरा देश गदगद: शाहनवाज हुसैन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर बात करते हुए शाहनवाज हुसैन ने पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है, पूरा देश गदगद है। दुनिया का एक ताकतवर नेता भारत के प्रधानमंत्री की प्रशंसा कर रहा है और कह रहा है कि भारत सौभाग्यशाली है कि ऐसा नेता मिला।”

उन्होंने आगे कहा, “हम सब जानते हैं कि पूरी दुनिया में नरेंद्र मोदी जी की साख है। उनकी एक इमेज है। पूरी दुनिया जानती है कि भारत को एक ऐसा बेटा मिला है जो नेता नहीं सेवक बनकर देश की सेवा कर रहा है। भारत उभरती हुई ताकत है। राष्ट्रपति पुतिन का दौरा ऐतिहासिक हुआ है। पूरे देश में बहुत खुशी है।”

पीएम मोदी ने पुतिन को दी गीता, शाहनवाज बोले- यह भारत की आन-बान-शान

पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को भगवत गीता उपहार में दी थी। इस पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि, “गीता भारत की पहचान है। गीता भारत की आन, बान और शान है। गीता सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए मार्गदर्शक हो सकता है।” उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को जो पुस्तक दी है, उसकी सब प्रशंसा कर रहे हैं।

TMC पर निशाना: सांप्रदायिक तनाव पैदा करना चाहती है पार्टी

हुमायूं कबीर को टीएमसी से सस्पेंड किए जाने पर शाहनवाज हुसैन ने टीएमसी की रणनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ये टीएमसी की रणनीति है। पहले वो हुमायूं कबीर को आगे करती है कि बाबरी मस्जिद बनाएं। जब हिंदू समाज में नाराजगी होती है तो उससे बचने के लिए हुमायूं कबीर को निकाल देते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव पैदा करना चाहती है और हिंदू हित की उपेक्षा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *