टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बुधवार को टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स (Tata Motors Commercial Vehicles) के सूचीबद्ध होने को कंपनी के सफर के साथ-साथ पूरे मोटर वाहन उद्योग के लिए एक “निर्णायक क्षण” बताया है। टाटा मोटर्स के विभाजन के बाद, उसकी वाणिज्यिक वाहन इकाई एक स्वतंत्र सूचीबद्ध इकाई के रूप में बाजार में आई है।
बीएसई (BSE) में टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के सूचीबद्धता समारोह में बोलते हुए, चंद्रशेखरन ने कहा, “यह वास्तव में एक महत्वपूर्ण क्षण है, एक काफी अहम उपलब्धि है, एक निर्णायक क्षण है, टाटा मोटर्स और मोटर वाहन उद्योग दोनों के लिए।”
लिस्टिंग पर शानदार शुरुआत और बाजार मूल्यांकन
टाटा मोटर्स की वाणिज्यिक वाहन इकाई के शेयर ने बाजार में मजबूत शुरुआत की।
- NSE पर: निर्धारित मूल्य से 28.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹335 पर खुला।
- BSE पर: 26.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹330.25 पर सूचीबद्ध हुआ।
- बाजार मूल्यांकन (NSE पर): ₹1,22,345.46 करोड़ रहा।
टाटा मोटर्स का विभाजन 1 अक्टूबर से प्रभावी हुआ है।
संरचनात्मक बदलाव करना था मुश्किल: चंद्रशेखरन
टाटा मोटर्स को एक “प्रतिष्ठित” कंपनी बताते हुए, चेयरमैन ने स्वीकार किया कि इतनी पुरानी और प्रतिष्ठित कंपनी में संरचनात्मक बदलाव करना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने इसके पीछे दो मुख्य कारण बताए:
- कर्मचारियों का दृष्टिकोण: “पहली बात, कंपनी के लोग पूरी लगन से मानते हैं कि यह एक अच्छी एवं मजबूत कंपनी है और हमें इसमें हाथ नहीं डालना चाहिए।”
- समूह की राय: “दूसरी समूह की भी राय होती, एक नजरिया होता कि यह एक प्रतिष्ठित कंपनी है। इसलिए ऐसी कंपनी में बदलाव करना हमेशा बहुत मुश्किल होता है जो बहुत लंबे समय से मौजूद है और जिसे एक प्रतिष्ठित कंपनी माना जाता है।”
उन्होंने बताया कि टाटा मोटर्स के विभाजन पर 2017-18 से विचार किया जा रहा था, लेकिन कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण इस योजना में रुकावट आ गई थी। बाद में इस पर फिर से काम शुरू किया गया।
नई कंपनियों को बनाया ‘ऋण मुक्त’ और ‘साहसी’
चंद्रशेखरन ने कहा कि विभाजन के समय यह सुनिश्चित करना था कि दोनों नई कंपनियां “सही से काम करें और दोनों कंपनियों को बहुत मजबूत होना होगा।” उन्होंने बताया कि दोनों अलग हुई कंपनियों के लक्ष्य बाजार अलग-अलग हैं, और “हमने कंपनी को ऋण मुक्त बना दिया है, जिससे वे बहुत साहसी बन पाई हैं।”
इवेको सौदे पर उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि हम अगले कुछ महीनों में यह लेनदेन पूरा कर लेंगे।”