UP News: समाजवादी पार्टी से निष्कासित चायल विधायक पूजा पाल ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक खुला खत लिखा है। इस चिट्ठी में उन्होंने अखिलेश और उनकी पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाए और दावा किया कि “आपकी पत्नी ने भी बीजेपी को वोट दिया है।”
योगी की तारीफ के बाद निष्कासन, अब खुला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधानसभा में तारीफ करने के बाद सपा से बाहर हुईं पूजा पाल इन दिनों यूपी की सियासत में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर चिट्ठी साझा करते हुए लिखा –
“अन्याय और विश्वासघात के खिलाफ मेरी आवाज, पार्टी से निष्कासन केवल मेरा नहीं बल्कि यूपी की पिछड़ी, दलित और गरीब जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। मैंने संघर्ष किया है और आगे भी न्याय की लड़ाई लड़ती रहूँगी।”
चिट्ठी में लगाए गंभीर आरोप
पूजा पाल ने लिखा कि वे विपरीत परिस्थितियों में बिना सपा की मदद के दो बार विधायक बनीं, लेकिन उनके पति के हत्यारों को लगातार संरक्षण मिलता रहा। अखिलेश यादव से उम्मीद थी कि वे न्याय दिलाएंगे, लेकिन “पार्टी में दलित और पिछड़ों को दूसरे दर्जे का नागरिक समझा जाता है, जबकि मुस्लिम नेताओं को प्राथमिकता दी जाती है, चाहे वे अपराधी ही क्यों न हों।”
उन्होंने आरोप लगाया –
“आपकी पार्टी में अपराधियों को सम्मान और ताकत मिलती है। जबकि मेरे पति के हत्यारों को सजा दिलाने के प्रयास पर मुझे केवल निराशा ही हाथ लगी।”
“आपकी पत्नी ने भी बीजेपी को वोट दिया”
पूजा पाल ने अखिलेश से सवाल किया कि यदि उन्हें बीजेपी प्रत्याशी को वोट देने के कारण निकाला गया, तो “कान्स्टीट्यूशनल क्लब चुनाव में आपने और आपकी पत्नी ने भी बीजेपी प्रत्याशी को वोट दिया था, तब वह गुनाह क्यों नहीं?”
उन्होंने आगे कहा –
“आपने कभी कांग्रेस तो कभी बसपा को वोट दिलाया, लेकिन जब मैंने न्याय देने वालों को धन्यवाद दिया तो मुझे पार्टी से निकाल दिया गया। यह दोहरा रवैया है।”
अतीक अहमद का भी जिक्र
चिट्ठी में पूजा पाल ने माफिया अतीक अहमद का नाम लेते हुए लिखा कि अखिलेश यादव उसकी तरफ झुक गए, जबकि वह खुद कभी किसी माफिया से नहीं डरीं। उन्होंने कहा कि उनके पति की हत्या के बाद अंतिम संस्कार तक के लिए शव नहीं दिया गया और पार्टी नेताओं ने उनके हत्यारों के पक्ष में आवाज बुलंद की।
“मेरी हत्या हो जाए तो जिम्मेदार अखिलेश होंगे”
पूजा पाल ने अपनी चिट्ठी में आशंका जताई कि जिस तरह उनके पति की हत्या हुई, उसी तरह उनकी भी हत्या हो सकती है। उन्होंने साफ कहा –
“अगर मेरी जान जाती है तो मेरी हत्या का वास्तविक दोषी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को माना जाए।”
पूजा पाल के इस बयान ने यूपी की राजनीति में हलचल मचा दी है। अब देखना होगा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस गंभीर आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।