ठाकरे ब्रदर्स का नया प्रयोग: उद्धव-राज ठाकरे की पार्टियां साथ लड़ीं बेस्ट चुनाव, कल आएंगे नतीजे

मुंबई की बेस्ट (BEST) एम्प्लॉयी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी चुनाव सोमवार (18 अगस्त) को हुआ। इस बार चुनाव की सबसे बड़ी खासियत रही कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने साथ मिलकर मैदान में उतरने का फैसला किया। दोनों ने मिलकर “उत्कर्ष” नाम का पैनल बनाया और 21 उम्मीदवार उतारे। इनमें 18 उम्मीदवार शिवसेना (यूबीटी) के, 2 MNS के और 1 अनुसूचित जाति-जनजाति संघ की ओर से थे। वोटों की गिनती मंगलवार (19 अगस्त) को होगी।

सियासी गठबंधन की अटकलों के बीच हुआ चुनाव

राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में लंबे समय से चर्चा है। ऐसे में इस चुनाव ने दोनों दलों को साथ आने का मौका दिया। हालांकि नेताओं का कहना है कि BEST में उनकी बहुत बड़ी पकड़ नहीं है, लेकिन इसे आने वाले बड़े चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

मैदान में कितने पैनल?

इस चुनाव में कुल पांच पैनल उतरे। बीजेपी के एमएलसी प्रसाद लाड ने “सहकार समृद्धि” नाम का पैनल बनाया। वहीं, शशांक राव का भी एक पैनल मैदान में है। इसके अलावा महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े यूनियन का भी प्रतिनिधित्व इसमें देखने को मिला।

किसका रहा है दबदबा?

बेस्ट एम्प्लॉयी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड में केवल मौजूदा और पूर्व कर्मचारी ही सदस्य होते हैं। इसके 15 हजार से ज्यादा सदस्य हैं और लंबे समय से इस सोसाइटी पर उद्धव ठाकरे गुट से जुड़ी बेस्ट कामगार सेना का दबदबा बना हुआ है।

बीएमसी चुनाव पर सबकी निगाहें

उद्धव और राज ठाकरे की ओर से औपचारिक गठबंधन की घोषणा अभी तक नहीं हुई है। लेकिन 15 अगस्त को शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने संकेत दिया था कि मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली और नासिक में दोनों भाई मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में सबसे बड़ी सियासी जंग मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव को लेकर मानी जा रही है, जिस पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *