
सोमवार से लोकसभा का विशेष सत्र शुरू हो रहा है। इसको लेकर रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई थी। इस बैठक में सभी विपक्षी दलों ने मांग की है कि संसद के विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक पास कर दिया जाए।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को सर्वदलीय बैठक के बाद यह जानकारी दी। एनसीपी नेता और महाराष्ट्र में भाजपा के सहयोगी प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि उनकी पार्टी ने भी सरकार से यही मांग रखी है। पटेल ने बताया कि 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर संसद को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा।
प्रमोद तिवारी ने कही थी यह बात
विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने की मांग कुछ अन्य दलों ने भी की है। इन दलों में बीजेडी और बीआरएस का नाम शामिल है। बता दें कि सोमवार से संसद के विशेष सत्र की शुरुआत हो रही है। सर्वदलीय बैठक की शुरुआत से पूर्व कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा था कि उनकी पार्टी महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक संघर्ष और मणिपुर के हालात के मुद्दे को उठाएगी। प्रमोद तिवारी सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए संसद भवन परिसर में पहुंचे थे।
यह नेता रहे बैठक में मौजूद
सर्वदलीय बैठक के दौरान लोकसभा में उपनेता राजनाथ सिंह, राज्यसभा में सदन के नेता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी सरकार की तरफ से भाग लेने पहुंचे। कांग्रेस की तरफ से अधीर रंजन चौधरी, पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस नेता एचडी देवगौड़ा, डीएमके की कनिमोझी, टीडीपी के राममोहन नायडू, टीएमसी के डेरेक ओ ब्रायन, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, बीजेडी के सस्मित पात्रा, बीआरएस के के केशव राव, वाईएसआर कांग्रेस के वी विजयसाई रेड्डी, आरजेडी के मनोज झा, जेडीयू के अनिल हेगड़े और सपा के रामगोपाल यादव सर्वदलीय बैठक में मौजूद थे।