
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर के एक इलाके में बुधवार को सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किया गया। यह कार्रवाई भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर की। तलाशी के दौरान एक खोखले देवदार के पेड़ में आतंकवादियों का ठिकाना पाया गया। सेना ने यहां से कई हथियार बरामद किए। तीन एके-47 राइफलें, 11 मैगजीन, 292 गोलियां, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल), नौ यूबीजीएल ग्रेनेड और दो हथगोले बरामद किए गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा बलों को खुफिया सूत्रों से सूचना मिली थी कि आतंकवादियों ने बारामूला के जंगलों में हथियारों का जखीरा छिपा रखा है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। दोपहर करीब 1:15 बजे सुरक्षा बलों को एक संदिग्ध स्थान मिला जहां एक खोखले देवदार के पेड़ में हथियार छिपाए गए थे। आतंकवादियों ने इस जखीरे को कंबल में लपेटकर रखा था। सुरक्षा बलों ने तुरंत इसे अपने कब्जे में ले लिया और पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान जारी रखा।
बड़ी साजिश का संदेह
इस बरामदगी से यह माना जा रहा है कि आतंकियों ने किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। एके-47 राइफलों और ग्रेनेडों की मौजूदगी से पता चलता है कि सुरक्षा बलों या नागरिकों पर हमला करने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि, समय पर इस ठिकाने का पता चलने से आतंकवादियों की योजना नाकाम हो गई। पुलिस और सेना अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार किस आतंकवादी संगठन के थे और इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था। शुरुआती जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि यह घुसपैठ के जरिए आए आतंकियों के लिए रखे गए हथियारों का जखीरा हो सकता है।
क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई
इस बरामदगी के बाद पुलिस ने बनियार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। आगे की जांच जारी है। किसी भी संभावित आतंकवादी गतिविधि को रोकने के लिए पूरे उरी सेक्टर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सेना और पुलिस द्वारा तलाशी अभियान अभी भी जारी है तथा अन्य संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है। सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।