
विपक्षी गुट I.N.D.I.A. की बैठक दिल्ली में शरद पवार के घर पर होने वाली है। वहीं विपक्षी गठबंधन की महत्वपूर्ण पार्टी टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को गठबंधन को लेकर सवालों का सामना करना पड़ा है।
आनंदबाजार पत्रिका की रिपोर्ट की मानें तो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह दुबई से स्पेन के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट लाउंज में उनकी श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया। एक छोटी सी बातचीत के दौरान रानिल विक्रमसिंघे ने बंगाल की मुख्यमंत्री से पीछा की क्या वह विपक्षी गठबंधन को लीड करेंगी?
विक्रमसिंघे ने ममता से पूछा, ”क्या मैं आपसे एक सवाल पूछ सकता हूं?” ममता ने जवाब दिया, ”हां, बिल्कुल।” इसके तुरंत बाद विक्रमसिंघे का सवाल आया, ”क्या आप विपक्ष का लीड करने जा रही हैं?” इसके जवाब में मुस्कुराते हुए ममता बनर्जी ने ‘ओह माय गॉड’ कहा। मुख्यमंत्री ने श्रीलंका के राष्ट्रपति को बंगाल आने का निमंत्रण दिया है।
बाद में उन्होंने अपने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) हैंडल पर विक्रमसिंह से मुलाकात की जानकारी दी। ममता बनर्जी ने लिखा कि उन्होंने श्रीलंका के राष्ट्राध्यक्ष को विश्व-बांग्ला व्यापार सम्मेलन में आने का निमंत्रण दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमसिंघे ने उनसे श्रीलंका का दौरा करने का भी अनुरोध किया।
सीट बंटवारे को लेकर मंथन
विपक्षी गुट की समन्वय समिति बुधवार को अपनी पहली बैठक आयोजित करने के लिए तैयार है। इस दौरान कई विपक्षी दलों के नेताओं ने जल्द सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर काम करने की मांग की है। ताकि लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ विपक्ष की ओर से एक संयुक्त उम्मीदवार खड़ा किया जाए। हालांकि, कई नेताओं ने कहा कि पार्टियों को इस तरह के फॉर्मूले पर पहुंचने के लिए अपने अहंकार और निहित स्वार्थों को छोड़ना होगा।