
इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए लिए अच्छी खबर है। यूपी रिन्यूवेबिल एंड ईवी इन्फ्रास्ट्रक्चर लि. (यूपीरेव) के माध्यम से नेशनल हाइवे, एक्सप्रेस-वे के साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों के किनारों पर चार्जिंग स्टेशनों का जाल बिछेगा।
हाल में गठित कंपनी यूपीरेव द्वारा कंपनी की अपने चार्जिंग स्टेशन के साथ ही फ्रेंचाइजी के स्तर पर भी चार्जिंग स्टेशन खोलने का वृहद प्लान सरकार के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। बिजली विभाग के अधीन बनाई गई इस कंपनी का प्रबंध निदेशक यूपीनेडा के एमडी अनुपम शुक्ला को बनाया गया है। प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना के लिए यूपीरेव को नोडल एजेंसी नामित किया है।
ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास व रखरखाव करेगी कंपनी
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन और सहयोगी बिजली कंपनियों के पास पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में जमीन के साथ ही इलेक्ट्रिक इन्फ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। जिसे देखते हुए नई कंपनी के गठन का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था। यह कंपनी बिजली कंपनियों के पास उपलब्ध भूमि बैंक के साथ ही राज्य के विभिन्न राजमार्ग, नेशनल हाइवे, यूपीडा, परिवहन विभाग के साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य स्थानों पर इलेक्ट्रिकल व्हीकल चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास और रख रखाव करने का काम करेगी।
चार्जिंग स्टेशन के संबंध में कंपनी ने संपर्क व संवाद शुरू किया
सूत्रों का कहना है कि यूपीरेव द्वारा चार्जिंग स्टेशन खोलने के संबंध में परिवहन विभाग, नेशनल हाइवे अथारिटी, यूपीडा आदि से बातचीत शुरू कर दी गई है। नेशनल हाइवे, यूपीडा, परिवहन विभाग आदि के पास जमीन की उपलब्धता जानने की कोशिशें की जा रही हैं। चार्जिंग स्टेशन के लिए दूसरे प्रदेशों की व्यवस्थाओं का अध्ययन भी किया जा रहा है। यह देखा जा रहा है कि प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में जिस गति से इजाफा हो रहा है उसके लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर किस स्तर तक विकसित किया जाना चाहिए। इस क्षेत्र में निजी क्षेत्र को कैसे योजना से जोड़ा जाए इसका खाका भी खींचा जा रहा है।
सूत्र बताते हैं कि एक महीने के अंदर चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना प्रदेश सरकार को दे दिया जाएगा। कार्ययोजना पर सरकार की तरफ से आने वाले अन्य सुझावों को जोड़ते हुए इसे धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा। यूपीपीसीएल चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बताया, यूपीरेव कंपनी का मुख्य कार्य इलेक्ट्रिकल वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना करना और कराना है। तेजी से बढ़ रही इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री को देखते हुए जल्द से जल्द चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना कैसे हो कंपनी इस पर काम कर रही है।