भारत जोड़ो यात्रा क्यों, इंडिया जोड़ो क्यों नहीं? बहस के बीच हिमंता का राहुल गांधी से सवाल

भारत और इंडिया नाम को लेकर छिड़ी बहस के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी से सवाल पूछा है। यह सारी बहस छिड़ी है जी-20 में आमंत्रण के लिए भेजे गए उस लेटर के बाद जिसमें राष्ट्रपति को भारत का राष्ट्रपति कहकर संबोधित किया गया है।

हिमंता ने कहा कि पहले तो विपक्ष हिंदुत्व को खत्म करने की साजिश रच रहा है। अब वह लोग भारत के लिए भी ऐसी ही बातें कर रहे हैं। असम के मुख्यमंत्री ने विपक्ष से कहा कि वह पहले राहुल गांधी से पूछे कि उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा की जगह इंडिया जोड़ो यात्रा क्यों नहीं निकाली? उन्होंने कहा कि हम हम भारत कहते हैं तो यह लोग आपत्ति करते हैं। जब उनका युवराज भारत कहता है तो उन्हें कोई समस्या नहीं होती?

ट्विटर पर भी बोला हमला
इससे पहले हिमंता ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा था कि ऐसा लकता है भारत के प्रति कांग्रेस की घोर नापसंदगी है। विपक्षी गठबंधन ने ‘भारत’ को नीचा दिखाने के लक्ष्य से इरादतन इसका नाम ‘इंडिया’ चुना। सरमा ने लिखा कि रिपब्लिक ऑफ भारत-खुशी और गर्व है कि हमारी सभ्यता अमृत काल की ओर मजबूती से बढ़ रही है। इससे पहले कांग्रसे नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर इतिहास के साथ छेड़छाड़ करने और देश को बांटने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब, संविधान के अनुच्छेद 1 में पढ़ा जा सकता है, ‘भारत, जो इंडिया था, राज्यों का एक संघ होगा’। लेकिन अब इस ‘राज्यों के संघ’ पर भी हमले हो रहे हैं।

देश भर में बहस
बता दें कि इंडिया बनाम भारत के नाम को लेकर बड़े पैमाने पर बहस छिड़ी हुई है। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि यह भलीभांति ज्ञात है कि ‘इंडिया’ ही भारत है। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि आधिकारिक संदेश में देश का उल्लेख करते हुए केवल ‘भारत’ का इस्तेमाल करने की जरूरत आ पड़ी। ‘प्रेसीडेंट ऑफ भारत’ (भारत के राष्ट्रपति) के नाम से जी20 के रात्रिभोज के लिए निमंत्रण पत्र को लेकर उठे विवाद के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दुनिया देश को ‘इंडिया’ के नाम से जानती है।

केजरीवाल का तंज
उधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को कहा कि देश के लिए ‘इंडिया’ एक स्वीकार्य शब्द है। इसे अब भारत के रूप में बदलने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया शब्द संविधान में निहित है और इसलिए ही इसे ‘कॉन्स्टिट्यूशन ऑफ इंडिया’ कहा जाता है। इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) घबराई हुई है। अगर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ अपना नाम ‘भारत’ रख ले तो क्या भाजपा देश का नाम भारत से बदलकर कुछ और रख देगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *