
दिल्ली में लोकसभा की सभी सातों सीट पर समन्वयकों के ऐलान के बाद अब कांग्रेस दिल्ली में बड़ी रैली भी करेगी। दिल्ली कांग्रेस ने गुरुवार को दिल्ली के सभी जिलों में रैली आयोजित करने का ऐलान किया है।
पार्टी नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के एक साल पूरे होने पर यह रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली को लेकर विस्तृत जानकारी देते हुए पार्टी के नेता और पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने मीडिया से कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी से मिले निर्देश के बाद सभी जिलों में शाम 5 बजे रैली होगी और दिल्ली कांग्रेस के सभी नेता इन रैलियों में शामिल होंगे।
मुकेश शर्मा ने कहा कि 7 सितंबर को जन्माष्टमी की धूम रहेगी। इस बीच भारत जोड़ो यात्रा के एक साल पूरे होने पर आयोजित होने वाली रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख अरविंद सिंह लवली ने रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है। अरविंदर सिंह लवली ने इसके साथ ही पार्टी के सभी जिला ईकाइयों के प्रमुखों को सलाह दी है कि वो इस बात को सुनिश्चित करें कि इस रैली में जमीन से जुड़े पार्टी कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा की संख्या में आएं।
बता दें कि अभी एक दिन पहले ही यह जानकारी सामने आई थी कि दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने अपने समन्वयकों का ऐलान कर दिया है और उन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई है। इनमें चांदनी चौक सीट पर राहुल रिचार्या, साउथ दिल्ली सीट से गुलाम हुसैन खलक, नॉर्थईस्ट दिल्ली लोकसभा सीट के लिए चिमन भाई विन्जुडा, ईस्ट दिल्ली के लिए संजीव शर्मा, नॉर्थवेस्ट दिल्ली सीट के लिए सन्नी मलिक, वेस्ट दिल्ली लोकसभा सीट के लिए उमा शंकर पांडे और नई दिल्ली लोकसभा सीट के लिए हकूबा जडेजा को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।
आपको याद दिला दें कि राहुल गांधी ने पिछले साल 7 सितंबर से अपनी 4,000 किलोमीटर से अधीक लंबी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। इस यात्रा का समापन इसी साल श्रीनगर में हुआ था। यह यात्रा करीब 45 दिनों तक चली थी। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की इस यात्रा को बेहद अहम मानती है। पार्टी के कई नेता कह चुके हैं कि राहुल गांधी की इस यात्रा ने एक तरफ जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया है तो वही इस यात्रा के बाद देश में माहौल भी बदला है।