
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कन्नौज तिर्वागंज के छात्र ममतांजय कुमार की शिकायत पर छात्रवृत्ति दिलाने के लिए घूस लेने वाले समाज कल्याण विभाग के बाबू हृदेश कुमार को गिरफ्तार कराने के साथ ही निलंबित करा दिया है।उन्होंने कहा है कि समाज कल्याण विभाग से संबंधित भ्रष्टाचार की शिकायत होने पर मुझे सीधे 9793741114 नंबर पर या कमांड सेंटर 1077 पर शिकायत कर सकते हैं।कन्नौज के तिर्वागंज निवासी ममतांजय कुमार डीएलएड का छात्र है। असीम अरुण से शिकायत की थी कि उसने छात्रवृत्ति का फार्म भरा था, जो निरस्त हो गया। उसने जब कन्नौज विकास भवन जा कर संपर्क किया, तो वहां उसकी मुलाकात समाज कल्याण विभाग के हृदेश कुमार से हुई। उसने ममतांजय और एक अन्य छात्र का काम करवाने के एवज में अपने खाते में 8250 रुपये लिया। रिश्वत लेने के बाद भी आरोपी कर्मचारी द्वारा काम नहीं कराया गया।ममतांजय ने सदर विधायक को बताया कि काम न होने के बाद भी हृदेश दूसरे नंबरों से कॉल कर दोबारा रिश्वत मांगने लगा। पुलिस को दी शिकायत में मंत्री असीम अरुण ने लिखा है कि मुझे आशंका है कि ऐसे भ्रष्ट कर्मियों द्वारा अन्य छात्रों को भी धोखे में रख कर रिश्वत ली गई होगी। इसकी गंभीरता से विवेचना किया जाना जनहित में जरूरी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।