कुपवाड़ा में सेना ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम, घुसपैठ कर रहे 2 पाकिस्तानी आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सेना को बड़ी कामयाबी मिली है। सेना की एक टीम ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे 2 पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया। अभी इन आतंकियों की पहचान सामने नहीं आई है।इस एनकाउंटर से कुछ दिन पहले डोडा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के चार जवान (एक कैप्टन समेत) शहीद हो गए थे।कुपवाड़ा में सेना और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ की जानकारी शेयर करते हुए भारतीय सेना की चिनार कोर ने X पर लिखा, “आज केरन सेक्टर, कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर दो आतंकवादियों को मार गिराने के साथ घुसपैठ की कोशिश को सफलतापूर्वक रोक दिया गया है। सेना का इलाके पर सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।”जानकारी के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों और घुसपैठ कर रहे पाकिस्तानी आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। सेना के अधिकारियों ने बताया कि 6 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और कुपवाड़ा पुलिस सहित सुरक्षा बलों पर छिपे हुए आतंकवादियों द्वारा गोलीबारी किए जाने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई, घंटों चली मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया है। हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हुई है।सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास केरन सेक्टर में आतंकियों को मार गिराने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सेना को संदेह है कि इलाके में और आतंकी छिपे हो सकते हैं। इससे पहले सुबह के वक्त जम्मू के राजौरी जिले के सुंदरबनी इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधियां देखने के बाद सेना ने गोलीबारी की थी।

डोडा में दो दिन के भीतर आतंकियों से दो मुठभेड़
इससे पहले जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में पाकिस्तानी आतंकियों के साथ सेना की दो दिन में दो बार मुठभेड़ हो चुकी है। पहले 16 जुलाई को पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के हथियारों से लैस आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ में एक कैप्टन समेत सेना के चार जवान शहीद हो गए थे। फिर डोडा जिले के वन क्षेत्र में बुधवार देर रात आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ कास्तीगढ़ क्षेत्र के जद्दन बाटा गांव में देर रात करीब दो बजे हुई थी, उस वक्त आतंकवादियों ने तलाश अभियान के संचालन के लिए एक सरकारी स्कूल में बनाए गए अस्थायी सुरक्षा शिविर पर गोलीबारी शुरू कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *