कर्ज चुकाना है, उपचुनाव लड़ सकते हैं डीके शिवकुमार; क्यों खास है ये सीट?

र्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बुधवार को संकेत दिया कि वह चन्नपटना विधानसभा उपचुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें निर्वाचन क्षेत्र के लोगों का “कर्ज” चुकाना है।2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कनकपुरा से चुने गए शिवकुमार ने चन्नपटना विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हुए यह संकेत दिया। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी इसकी घोषणा नहीं की है, लेकिन यहां उपचुनाव होना है क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री और चन्नपटना से विधायक एच डी कुमारस्वामी ने मांड्या लोकसभा क्षेत्र से सांसद बनने के बाद सीट खाली कर दी है। कुमारस्वामी अब केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री हैं।

ऐसी अटकलें थीं कि शिवकुमार के भाई डी के सुरेश को उपचुनाव में मैदान में उतारा जाएगा। डी के सुरेश हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा-जद(एस) उम्मीदवार डॉ सी एन मंजूनाथ के खिलाफ बेंगलुरु ग्रामीण से हार गए थे। हालांकि, विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हुए शिवकुमार ने कहा, “चन्नपटना मेरे दिल में है। यह तत्कालीन सथनूर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा था, जिसका मैंने प्रतिनिधित्व किया था। मेरा राजनीतिक जीवन वहीं से शुरू हुआ। चन्नपटना के लोग मुश्किल समय में मेरे साथ रहे हैं और मुझे उनका कर्ज चुकाना है।”

उन्होंने कहा, “चन्नपटना को उसी तरह विकसित करने का अवसर है, जिस तरह मैंने कनकपुरा का विकास किया है। मैं निर्वाचन क्षेत्र के मंदिरों का दौरा कर रहा हूं और स्थानीय नेताओं और मतदाताओं से चर्चा कर रहा हूं और बाद में चुनाव लड़ने पर फैसला करूंगा।” यह पूछे जाने पर कि क्या उनके भाई एवं पूर्व सांसद डी.के. सुरेश चन्नापटना से चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने कहा, ‘‘यह तय नहीं है। कमोबेश मैं अपने लिए ही वोट मांग रहा हूं।’’

हालांकि पहले चर्चा थी कि हाल के चुनावों में बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से हारने वाले सुरेश को चन्नापटना विधानसभा उपचुनाव में उतारा जा सकता है, लेकिन अब अटकलें तेज हैं कि शिवकुमार क्षेत्र में अपना प्रभाव फिर से कायम करने के लिए चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, अगर शिवकुमार चन्नापटना से चुनाव लड़ते हैं और जीत हासिल करने में कामयाब होते हैं तो वह सुरेश के लिए कनकपुरा विधानसभा सीट खाली कर सकते हैं। वर्तमान में शिवकुमार कनकपुरा सीट से विधायक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *