
लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे राहुल गांधी से रायबरेली की जनता ने एक सवाल कर दिया। पहले तो राहुल गांधी को जनता का सवाल समझ नहीं आया। इस पर राहुल गांधी ने पास खड़े कार्यकर्ता से जनता का सवाल पूछा तो वह मुस्कुरा दिए।रायबरेली की जनता का सवाल शादी को लेकर था। इस पर राहुल गांधी ने कहा, जल्द ही शादी करनी पड़ेगी। ये नजारा उस समय का था जब राहुल गांधी चुनावी जनसभा खत्म कर चुके थे। इसके बाद राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को थैंक्यू कहा था कि वो यहां खून-पसीना एक कर रही हैं ताकि मैं पूरे देश में प्रचार कर सकूं। इसी दौरान भीड़ से किसी ने राहुल से शादी का सवाल कर दिया। इस पर प्रियंका ने राहुल को सामने दिखाकर कहा कि पहले उसका जवाब दो। राहुल को जब सवाल समझ नहीं आया तो पास खड़े कार्यकर्ता से पूछा। राहुल गांधी का जवाब सुनने के बाद भीड़ ने भी जोर-जोर से ठहाके लगाए। बतादें कि सोमवार को राहुल गांधी रायबरेली में थे। यहां महराजगंज स्थित मेला ग्राउंड में कांग्रेस की एक चुनावी जनसभा थे, जिसे संबोधित करने के लिए पहुंचे थे।
राहुल गांधी ने अपनी छोटी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा की मौजूदगी में उपस्थित लोगों को एकदम पारिवारिक माहौल में संबोधित करते हुए कहा आप लोग मेरा परिवार हो और रायबरेली से हमारा रिश्ता सौ साल पुराना है। हमारे परदादा पंडित जवाहर लाल नेहरू ने अपना राजनीतिक जीवन रायबरेली में किसानों, मजदूरों के साथ शुरू किया था।” राहुल गांधी ने कुछ समय पहले सोनिया गांधी के साथ हुई बातचीत को साझा करते हुए कहा कि माँ वो होती है, जो रास्ता दिखाती है, जो रक्षा करती है। उन्होंने कहा कि उन्हें उनकी मां के साथ ही इंदिरा गांधी ने भी रास्ता दिखाया और उनकी रक्षा की। उन्होंने कहा कि इसीलिए वह कहते हैं कि उनकी दो माएं हैं। राहुल गांधी ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा, ‘मैं आपसे यह बात इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मेरी दोनों माताओं की यह कर्मभूमि है, इसीलिए रायबरेली से चुनाव लड़ने आया हूं।’
रायबरेली संसदीय क्षेत्र से इंदिरा गांधी 1967 और 1971 में निर्वाचित हुईं लेकिन आपातकाल के बाद 1977 में हुए चुनाव में वह समाजवादी नेता राजनारायण से पराजित हो गयी थीं। 1999 में सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद निर्वाचित हुईं और 2004, 2009, 2014 और 2019 में भी उन्होंने यह सीट बरकरार रखी। सोनिया गांधी के चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाया है। सभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार करते हुए गांधी ने कहा,’ यह चुनाव इस मायने में अजीब है क्योंकि पहली बार भाजपा और आरएसएस के लोग हमारे संविधान को नष्ट करने में लगे हैं। इनके नेताओं ने कहा है कि अगर हम चुनाव जीते तो संविधान को फाड़ देंगे।
उन्होंने अपने हाथ में ली हुई एक किताब दिखाते हुए कहा कि हिंदुस्तान के कमजोर लोगों को जो भी उनके हक मिले हैं, वे इस किताब (संविधान की प्रति दिखाते हुए) की वजह से मिले हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ”इस किताब के बिना जो सरकार होगी वह अडानी और अंबानी की सरकार होगी। आज जो आपकी थोड़ी भी हिफाजत है, वह खत्म हो जाएगी।’ उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा, ‘नरेन्द्र मोदी जिन्हें चाहते हैं वो दो तीन लोग ही सरकार चलाएंगे और जैसे ही संविधान खत्म होगा रोजगार खत्म हो जाएगा। आरक्षण खत्म हो जाएगा और गरीबों के सभी रास्ते बंद हो जाएंगे।’ गांधी ने मतदाताओं को चेताते हुए कहा ‘लड़ाई संविधान बचाने की है, गरीबों की रक्षा करने की है।’ उन्होंने आरोप लगाया ,’नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 साल में 22 अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है।’ मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने तंज किया ‘आपने अंबानी की शादी, 10 करोड़ की घड़ी देखी। ये मीडिया हमारे आपके नहीं… ये अडानी-अंबानी और मोदी के हैं।