लद्दाख में बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन; 9 जवानों की मौत

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सेना के एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से नौ सैनिकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार शाम दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के केरे में हुई।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर बचाव अभियान चल रहा है।

लद्दाख के डिफेंस अधिकारियों ने बताया, ”केरे शहर से 7 किमी दूर एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान तब चली गई जब उनका वाहन खाई में गिर गया। इस घटना में कई अन्य जवान अभी घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। ये जवान कारू गैरीसन से लेह के पास केरे की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई हैं।”

इससे पहले पिछले साल के अंत में भी सिक्किम में एक बड़ा हादसा हुआ था। तब जेमा में एक सेना के ट्रक के खाई में गिरने से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) सहित सेना के 16 जवानों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, चार अन्य घायल हो गए थे। दुर्भाग्यपूर्ण एएलएस ट्रक तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था जो विभिन्न बटालियनों के सैनिकों के साथ नियमित चाल में चैटन से थांगु की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में, ट्रक सुबह 9 बजे के आसपास एक तीव्र मोड़ पर फिसलकर एक खड़ी ढलान से नीचे गिर गया था। हादसे पर पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई अन्य नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *