10 करोड़ में बिके विधायक; राबड़ी देवी का आरोप, विजय सिन्हा बोले- शुरुआत आरजेडी ने की

बिहार में महागठबंधन के विधायकों के पाला बदलकर एनडीए में आने पर सियासी पारा गर्माया हुआ है। पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि आरजेडी और कांग्रेस से बीजेपी में गए विधायक 10-10 करोड़ रुपये में बिके हैं।डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए महागठबंधन पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों की खरीद-फरोख्त की शुरुआत आरजेडी ने की थी। बीजेपी का यह काम नहीं है। बता दें कि महागठबंधन के 6 विधायक अब तक पाला बदल चुके हैं, इनमें आरजेडी के चार और कांग्रेस के दो एमएलए शामिल हैं।बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने गुरुवार को बीजेपी और जेडीयू पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के बागी विधायकों को 10-10 करोड़ रुपये दिए गए। लोकतंत्र का अपमान किया जा रहा है। जोड़-तोड़ की राजनीति की जा रही है। उन्होंने बागी विधायकों पर भी निशाना साधते हुए उन्हें बेशर्म करार दिया। राबड़ी देवी ने कहा कि अगर उनमें थोड़ी भी शर्म होती तो सभी विधायक इस्तीफा देकर एनडीए में शामिल होते।वहीं, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने राबड़ी देवी के आरोपों का पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी विधायकों की खरीद-फरोख्त नहीं करती है। इसकी शुरुआत आरजेडी ने ही की थी। उन्होंने तेजस्वी यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष खुद सदन से गायब हैं। उनके विधायक कहां जा रहे हैं, वो हम कैसे बताएंगे। नेता प्रतिपक्ष होने के नेता उन्हें इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव अपने विधायकों का भरोसा जीतने में नाकाम रहे हैं। इससे विधायक डर रहे हैं। वे डूबती हुई नाव पर सवार नहीं होना चाहते हैं और सुरक्षित स्थान की खोज में लगे हुए हैं। आरजेडी खुद अपने विधायकों को रोककर नहीं रख पा रही है, उल्टे बीजेपी पर आरोप लगा रही है।

ये विधायक महागठबंधन छोड़ एनडीए में गए-
चेतन आनंद (आरजेडी)
नीलम देवी (आरजेडी)
संगीता देवी (आरजेडी)
प्रह्लाद यादव (आरजेडी)
सिद्धार्थ सौरव (कांग्रेस)
मुरारी गौतम (कांग्रेस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *