यमुना किनारे लगे पौधों को पहुंचाया नुकसान, नगर निगम ने जब्त की छह भैंसें, मालिक पर मुकदमा

यूपी में मथुरा जिले के वृन्दावन में यमुना नदी के किनारे कुंभ के लिए संरक्षित क्षेत्र में लगाए गए पेड़-पौधों को भैंसों द्वारा नष्ट किये जाने के मामले में संबंधित नगर निगम ने भैंसों को जब्त कर उनके मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

वृन्दावन क्षेत्र के प्रभारी अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में यमुना के किनारे कुंभ मेले के लिए संरक्षित किए गए क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर वृक्षारोपण किया गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले बृहस्पतिवार को मालूम हुआ कि कम से कम छह भैंसों के एक झुण्ड ने पौधों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पहले तो उन सभी भैंसों को कब्जे में लेकर ‘कान्हा गो आश्रय सदन’ (निगम द्वारा संचालित गौशाला) भेज दिया गया और फिर उनके मालिक लाखन का पता लगाकर उसके खिलाफ राजस्व निरीक्षक मुकेश शर्मा की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पाठक ने बताया कि आवारा पशु आए दिन पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा रहे थे, जिससे परेशान होकर इस प्रकार की अनैच्छिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से यह कार्यवाही की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *