सीएम कुर्मी, डिप्टी सीएम कोइरी और भूमिहार… नीतीश की नई कैबिनेट में किस जाति से कौन से चेहरे

बीते तीन दिनों से बिहार में चल रही सियासी हलचल नीतीश कुमार के एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनने के बाद शांत हो गई है। बिहार की नई सियासत में सीएम के चेहरे में किसी तरह का कोई बदलाव तो नहीं हुआ लेकिन कई अन्य चेहरे नीतीश और एनडीए गठबंधन की इस नई सरकार में शामिल हुए हैं।

बिहार जैसे जाति केंद्रित राज्य की सरकार में भी जातीय समीकरण को बिठाना हमेशा अहम माना जाता है। ऐसे में नई सरकार में भी जाति आधारित समीकरण को साधने की पूरी रूपरेखा तैयार की गई है। नीतीश कुमार के नए कैबिनेट में दो कुर्मी, दो भूमिहार, यादव, कोइरी, मुसहर, राजपूत और कहार जैसी जातियों के चेहरों को शामिल किया गया है।

सम्राट चौधरी – कोइरी (कुशवाहा)
नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी को डिप्टी सीएम का पद दिया गया है। 54 साल के सम्राट चौधरी कोइरी (कुशवाहा) जाति से आते हैं। उन्होंने 27 मार्च 2023 को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पद संभाला था। बिहार में उन्हें पार्टी अध्यक्ष नियुक्त करने के भाजपा के कदम को बड़ी संख्या में लव (कुर्मी) और कुश (कुशवाहा) वोटों को आकर्षित करने के प्रयास के रूप में देखा गया।

विजय सिन्हा – भूमिहार
बिहार की नई सरकार में दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा बने हैं। सिन्हा बचपन में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। 55 साल के विजय सिन्हा भूमिहार जाति से आते हैं। सरकार में उन्हें अहम पद देने के पीछे कारण भूमिहार जातियों को टारगेट करना है, क्योंकि बिहार में भूमिहार जाति के लोगों की संख्या काफी है।

नीतीश कुमार – कुर्मी
बिहार की सियासत में ‘सुशासन बाबू’ के नाम से मशहूर नीतीश कुमार 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। नीतीश कुमार खुद कुर्मी समाज से हैं। नीतीश कुमार बनाम लालू यादव बिहार की राजनीति में पुराना किस्सा रहा है। पहली बार 1995 में नीतीश कुमार की समता पार्टी ने लालू प्रसाद यादव के राज के ‘जंगलराज’ को मुद्दा बनाया था। इसी मुद्दे पर उन्होंने 2000 और 2005 का चुनाव लड़ा, 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनी।

इन चेहरों को भी किया गया शामिल
नीतीश कुमार के कैबिनेट में अन्य चेहरों को भी जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए सरकार में जगह दी गई है। जिनमें – विजय चौधरी – भूमिहार जाति से आते हैं, विजेंद्र प्रसाद यादव – यादव जाति से, श्रवण कुमार – कुर्मी जाति से, प्रेम कुमार – कहार (ईबीसी) जाति से, संतोष कुमार सुमन – मुसहर (दलित) जाति और सुमित सिंह – राजपूत जाति से आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *