मतगणना से पहले बंगाल में बवाल, भवानीपुर में स्ट्रॉन्ग रूम के पास BJP झंडे वाली कार पर घमासान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से ठीक पहले सियासी तनाव चरम पर पहुंच गया है। Mamata Banerjee की सीट भवानीपुर में स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि यहां बीजेपी के झंडे लगी गाड़ियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई, जिससे माहौल गरमा गया।

धरने पर बैठीं ममता बनर्जी

यह पूरा मामला सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल परिसर का बताया जा रहा है, जहां स्ट्रॉन्ग रूम रखा गया है। आरोपों के बीच Mamata Banerjee करीब चार घंटे तक धरने पर बैठीं और बिना अनुमति लोगों के प्रवेश को लेकर सवाल उठाए। राज्य में दोनों प्रमुख दलों के बीच कड़ी टक्कर के चलते सुरक्षा व्यवस्था पर खास नजर रखी जा रही है।

TMC कार्यकर्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप

टीएमसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुरक्षा जांच के दौरान सामान्य वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही थी, लेकिन एक कार को बिना जांच अंदर जाने दिया गया। एक कार्यकर्ता ने दावा किया कि “हमने आर्मी जीप में BJP का झंडा देखा. उसे बिना जांच के ही आगे जाने दिया गया. तभी हमने इस पर आपत्ति जताई.”

एक अन्य कार्यकर्ता ने बताया कि सफेद रंग की गाड़ी पर आगे BJP का लोगो और पीछे “Army” लिखा हुआ था, फिर भी पुलिस ने उसे रोका नहीं। इस घटना ने कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ा दी।

चुनाव आयोग की सफाई

इस पूरे विवाद पर चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि संबंधित वाहन हरीश मुखर्जी रोड से गुजर रहा था। सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा जांच के बाद उसमें कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई, जिसके बाद उसे जाने दिया गया।

हालांकि, राज्य के कई अन्य इलाकों में भी स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर इसी तरह के विवाद और हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं।

4 मई को आएंगे नतीजे

पश्चिम बंगाल में 4 मई, सोमवार को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। फाल्टा विधानसभा सीट को छोड़कर राज्य की 293 सीटों पर वोटों की गिनती की जाएगी। इसके साथ ही देश के अन्य पांच राज्यों के चुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *