तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने अपनी मित्र और अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर की गई टिप्पणी के मुद्दे के बीच इशारों-इशारों में डीएमके पर निशाना साधा है। मदुरंतकम उपचुनाव के प्रचार के दौरान विजय ने डीएमके को ‘बुरी ताकत’ बताते हुए पार्टी पर अपमानजनक बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और अन्य नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के खिलाफ भी अपमानजनक बातें कही थीं। हालांकि, इसी दौरान विजय ने एमके स्टालिन को ‘स्वीट अंकल’ भी बताया और कहा कि राजनीतिक मुकाबला उनकी पार्टी TVK और DMK के बीच है।
DMK पर सीएम विजय ने साधा निशाना
चुनाव प्रचार के दौरान विजय ने कहा कि उनके लिए DMK उसी तरह की विरोधी पार्टी है, जैसी कभी MGR और जयललिता के लिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि DMK सरकार को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि मुख्यमंत्री जनता का सेवक होता है, लेकिन DMK ऐसे व्यवहार करती है जैसे पूरा राज्य उन्हीं का हो।
विजय ने कहा, ‘CM जनता का सेवक होता है, लेकिन DMK ऐसे बात करती है जैसे पूरा राज्य उन्हीं का हो. सरकार भ्रष्टाचार के लिए नहीं, बल्कि चुनावी वादों और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए कर्ज ले रही है.’
उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु की राजनीति में TVK और DMK के बीच सीधा मुकाबला है। विजय के मुताबिक, AIADMK अब DMK की एक ब्रांच बन गई है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विजय का बड़ा बयान
विजय ने विधानसभा में भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाने का जिक्र करते हुए DMK पर उन्हें बोलने से रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘AIADMK अब DMK की एक ब्रांच बन गई है. अगर मैं विधानसभा में भ्रष्टाचार के बारे में बात करता हूं तो वे तुरंत नाराज हो जाते हैं. जैसे ही मैं भ्रष्टाचार का जिक्र करता हूं, DMK सबूत मांगती है. उनका एकमात्र मकसद मुझे विधानसभा में बोलने से रोकना है. वे मुझे बदनाम कर रहे हैं और कह रहे हैं कि विजय 50 साल पहले हुए भ्रष्टाचार के बारे में क्यों बात कर रहे हैं?’
इसके बाद उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की बात कही। विजय ने कहा, ‘हम भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को नहीं छोड़ेंगे. मैं एक मजबूत इरादों वाला व्यक्ति हूं. मैंने पिछले 34 सालों में सब कुछ देखा है. क्या DMK के लोग कभी कह सकते हैं कि वे भ्रष्टाचार में शामिल नहीं होंगे? इस मुकाबले में केवल दो दावेदार हैं. एक तरफ अच्छी ताकत TVK है और दूसरी तरफ बुरी ताकत डीएमके है.’
परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर भी बोले विजय
तमिलनाडु की विजय सरकार ने 24 अगस्त 2026 को परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया था, जिसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हुई। चुनाव प्रचार के दौरान विजय ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि किसानों और वॉटर सोर्स को बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया।
तृषा कृष्णन को लेकर टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन पर पिछले महीने तमिल अभिनेत्री तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के संबंध को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था। इसके बाद TVK कार्यकर्ताओं और महिला विंग ने स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग में उनके खिलाफ शिकायत की थी।
इसके बाद तमिलनाडु पुलिस ने उदयनिधि को उनके चेन्नई स्थित आवास से हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। इसी विवाद के बीच अब मुख्यमंत्री विजय ने मदुरंतकम उपचुनाव के प्रचार में DMK पर निशाना साधते हुए अपने राजनीतिक विरोध को लेकर कई आरोप लगाए हैं।