केरल में एर्नाकुलम से बेंगलुरु के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि ट्रेन में स्कूली छात्रों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गीत गवाया गया, जिस पर केरल सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं। दक्षिणी रेलवे के इस कथित कृत्य पर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन समेत विपक्ष के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने रविवार को लोक शिक्षण निदेशक (DPI) को इस संबंध में तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मंत्री के कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, शिवनकुट्टी ने कहा कि सरकार इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रही है।
CM विजयन ने बताया ‘धर्मनिरपेक्षता के लिए खतरा’
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इस घटना को लेकर दक्षिण रेलवे की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि कथित तौर पर लगातार सांप्रदायिक विभाजनकारी राजनीति फैलाने वाले आरएसएस के गीत को सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल करना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है।
सीएम विजयन ने सख्त शब्दों में कहा था कि, “संघ परिवार द्वारा रेलवे का इस्तेमाल अपने कथित सांप्रदायिक राजनीतिक प्रचार के लिए किया जाना अस्वीकार्य है।” उन्होंने इसे धर्मनिरपेक्षता के लिए खतरा भी करार दिया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी इसे “अवैध और अलोकतांत्रिक” बताया था।
शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश: ‘बच्चों का राजनीतिकरण’
केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा, “सरकारी कार्यक्रमों में बच्चों का राजनीतिकरण करना और किसी खास समूह के सांप्रदायिक एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए उनका इस्तेमाल करना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है।”
उन्होंने आगे कहा, “लोक शिक्षण निदेशक (DPI) को तुरंत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।” मंत्री ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि देश के धर्मनिरपेक्ष एवं राष्ट्रीय मूल्यों को बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने किया बचाव
एक ओर जहां केरल की राजनीति में इस मुद्दे पर गरमाहट है, वहीं केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने छात्रों द्वारा आरएसएस का गीत गाने को सही ठहराया। त्रिशूर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह बच्चों के निश्छल जश्न का हिस्सा था।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “उन्हें उस समय वह गाना गाने का मन हुआ और उन्होंने इसे गा दिया। वैसे भी यह कोई अतिवादी गाना नहीं है।”
आलोचना के बाद रेलवे ने फिर पोस्ट किया वीडियो
तीखी आलोचना के बाद, दक्षिणी रेलवे ने पहले इस सोशल मीडिया ‘पोस्ट’ को कथित तौर पर हटा लिया था। हालांकि, बाद में दक्षिण रेलवे ने छात्रों द्वारा गाए गए गीत का वीडियो और उसका अंग्रेजी अनुवाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर फिर से पोस्ट किया और लिखा: “सरस्वती विद्यालय के छात्रों ने एर्नाकुलम बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान अपने स्कूल गीत की शानदार प्रस्तुति दी।”