प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा संचालित ‘पीडीए पाठशालाओं’ को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है। हंडिया विकास खंड के लमही गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में ‘पीडीए पाठशाला’ चलाने के मामले में एक नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह ने बताया कि लमही कंपोजिट विद्यालय में इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि ग्रामीण अतुल यादव के नेतृत्व में बच्चों को इकट्ठा कर ‘पीडीए पाठशाला’ चलाई जा रही थी। इसके आधार पर यादव समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
सैदाबाद और जसरा में भी मामले दर्ज
इसी तरह, गंगा नगर के सैदाबाद स्थित गौहपुर में एक प्राथमिक विद्यालय के पास ‘पीडीए पाठशाला’ संचालित करने पर सपा नेता अवधेश नारायण के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, यमुना नगर के जसरा स्थित रघुवीर का पूरा गांव में करीब 10 दिन पहले इसी तरह की पाठशाला चलाने का मामला सामने आने के बाद एक अन्य सपा नेता के खिलाफ केस दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। इस मामले में संबंधित प्रधानाध्यापक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सरकार के स्कूल विलय के फैसले के खिलाफ सपा का अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार 50 से कम छात्र संख्या वाले 10,000 से अधिक प्राथमिक और उच्चतर प्राथमिक विद्यालयों का नजदीकी स्कूलों में विलय करने की योजना पर काम कर रही है। सरकार के इस कदम का सपा ने विरोध किया है और जिन गांवों में स्कूल बंद हुए हैं, वहां ‘पीडीए पाठशालाएं’ खोलकर बच्चों को पढ़ाने का अभियान शुरू किया है।
सपा ‘पीडीए’ शब्द का प्रयोग पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के लिए करती है।