यूपी में टल जाएंगे पंचायत चुनाव? ओम प्रकाश राजभर ने तोड़ी चुप्पी, तारीख और वोटर लिस्ट को लेकर किया बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर चल रही अटकलों पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पूर्णविराम लगा दिया है. क्या चुनाव टलेंगे? क्या बोर्ड परीक्षाएं बाधा बनेंगी? इन सभी सवालों का जवाब देते हुए राजभर ने साफ कर दिया है कि यूपी में पंचायत चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे. बुधवार को आजमगढ़ पहुंचे राजभर ने दावा किया कि राज्य निर्वाचन आयोग और सरकार ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं.

विपक्ष की अफवाहों पर किया पलटवार

कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही उन बातों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं का हवाला देकर चुनाव टलने का दावा किया जा रहा था. उन्होंने दो टूक कहा कि “अभी चुनाव टलने की कोई संभावना नहीं है.” राजभर ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग और सरकार दोनों ही समय पर चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

28 फरवरी तक आ जाएगी वोटर लिस्ट

चुनावी तैयारियों का ब्योरा देते हुए राजभर ने बताया कि मतपत्रों (Ballot Papers) की छपाई का काम चल रहा है और उन्हें जिला मुख्यालयों तक पहुंचाया जा रहा है. वोटर लिस्ट का काम भी अंतिम चरण में है. उन्होंने जानकारी दी कि 28 फरवरी तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा. एसआईआर (SIR) को लेकर 6 मार्च तक के समय पर उन्होंने कहा कि लोग अपना अलग-अलग अलाप रहे हैं, लेकिन कर्मचारी और अधिकारी काम में लगे हैं.

आरक्षण पर सरकार का रुख साफ

पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के मुद्दे पर भी ओम प्रकाश राजभर ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि “हाईकोर्ट के आदेशानुसार आयोग का गठन किया जा रहा है और संवैधानिक नियमों के तहत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा.” उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के साथ हर वर्ग को उसकी उचित हिस्सेदारी दी जाएगी.

पूर्वांचल में चुनावी मोड में राजभर

ओम प्रकाश राजभर इन दिनों पंचायत चुनाव को लेकर खासे सक्रिय नजर आ रहे हैं. वे पूरे पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों का लगातार दौरा कर रहे हैं और अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश दे रहे हैं. उनका कहना है कि मतपत्रों का जिलों में पहुंचना इस बात का सबूत है कि चुनाव समय पर ही होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *