
लोकसभा चुनाव में यूपी विधानसभा सीट से 10 विधायक अब सांसद बन चुके हैं। ऐसे में ये सीटें खाली हो गई हैं। जल्द ही यूपी में इन सीटों पर उपचुनाव होने हैं। उपचुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कसनी शुरू कर दी है।
कौन कहां से चुनाव लड़ेगा? इसको लेकर भी फैसला लगभग हो गया है। इसी बीच नगीना लोकसभा सीट से चुनाव जीते आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर ने बड़ा ऐलान कर दिया है। चंद्रशेखर के इस ऐलान के बाद राजनीतिक दलों में खलबली पैदा हो गई। चर्चा है कि चंद्रशेखर का ये ऐलान अखिलेश और मायावती की उपचुनाव में टेंशन बढ़ा सकता है।
नगीना सांसद चंद्रशेखर शुक्रवार को लखनऊ प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उपचुनाव के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि वह यूपी की 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में उनकी पार्टी दमदारी से लड़ेगी। हम जाति विहीन समाज के राजनीतिक ही करेंगे। राजनीतिक दलों की मानें तो उपचुनाव में अगर चंद्रशेखर की पार्टी उतरती है तो इसका नुकसान सपा और बसपा को हो सकता है। ऐसे में चंद्रशेखर की पार्टी सपा और बसपा का खेल बिगाड़ सकती है।
हैदरकैनाल रोड के लोगों को उजाड़ा तो होगा आंदोलन
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पंतनगर की तरह हैदरकैनाल रोड के लोगों को भी राहत दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि अगर उन्हें उजाड़ा गया तो वह सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा, हैदरकैनाल रोड के लोगों को राहत देने का रास्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहे तो निकाल सकते हैं। उन्होंने इसका दौरा भी किया। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि एलिवेटेड रोड को ऊपर से बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री पंतनगर के लोगों की तरह यहां के लोगों को भी न्याय दें। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो यह माना जाएगा कि सबका साथ सबका विकास की बात खोखली है, क्योंकि यहां पर अधिकतर एससी, एसटी और मुस्लिम वर्ग के लोग हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब की बस्ती को कुचल कर विकास नहीं किया जा सकता है। अकबरनगर के लोगों को उजाड़ कर एक कमरे में रख दिया गया है। वहां न लाइट है, न पानी और न अन्य कोई सुविधा। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती लीक के छह महीने पूरे होने को हैं। 66 लाख युवाओं को न्याय कब मिलेगा? परीक्षा कब होगी? इस सरकार में अधिकारी, कर्मचारी और नौजवान कोई सुरक्षित नहीं है। दलित, पिछड़े और मुस्लिमों का दमन हो रहा है।