7 राज्यों के उपचुनावों में NDA को बड़ा झटका, इंडिया गठबंधन ने किया कमाल

सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को झटका लगा है। वहीं कांग्रेस, तृणमूल, आप, डीएमके जैसे दलों की इंडिया गठबंधन के कुल 10 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर ली है।वहीं एनडीए गठबंधन को केवल दो सीटें मिली हैं। बिहार में एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की। आम आदमी पार्टी ने जालंधर सीट जीत ली है। पश्चिम बंगाल की सभी चार सीटें टीएमसी ने जीत ली हैं। हिमाचल प्रदेश की 2 सीटों में से कांग्रेस और बीजेपी को एक-एक सीट हासिल हुई है। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने देहरा सीट से बीजेपी उम्मीदवार को 9,399 वोटों से हराया। आइए जानते हैं, किस राज्य में किस पार्टी ने चुनाव जीता।

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सभी सीटें जीत ली हैं। रायगंज सीट से टीएमसी के कृष्णा कल्याणी ने बीजेपी के मानस कुमार घोष को 50,077 हजार वोटों से हराया। बागदा सीट पर टीएमसी की मधुपर्णा ठाकुर ने 33,455 वोटों से जीत हासिल की। राणाघाट से टीएमसी के मुकुट मणि ने बीजेपी के मनोज कुमार बिस्वास को 39,048 वोटों से शिकस्त दी। मानिकतला सीट पर टीएमसी की सुप्ती पांडे ने बीजेपी के कल्याण चौबे को 62,312 वोटों से हराया। पश्चिम बंगाल में हुए उपचुनाव में इस बार बीजेपी को तीन सीटों का नुकसान हुआ है।

उत्तराखंड
उत्तराखंड की दो सीटों- बद्रीनाथ और मैंगलोर पर उपचुनाव हुआ। यहां भी मल्लिकार्जुन खड़गे-राहुल गांधी की नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज की। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की अयोध्या और प्रयागराज सीट हारने के बाद उत्तराखंड के तीर्थस्थल बद्रीनाथ में भी कमल नहीं खिला। बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को 5,224 से अधिक वोटों से हरा दिया। राजेंद्र भंडारी पहले यहां से विधायक थे, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। वहीं मंगलौर सीट, जो बसपा विधायक सरबत करीम अंसारी के निधन के बाद खाली हुई थी, उस पर कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने बीजेपी के करतार सिंह भड़ाना को 422 वोटों से हराया। काजी निजामुद्दीन पहले भी तीन बार इस सीट से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं।

हिमाचल प्रदेश
हिमाचल की हमीरपुर सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की। यहां बीजेपी प्रत्याशी आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा को कड़े मुकाबले में 1,571 वोटों से हराया। वहीं देहरा में कांग्रेस प्रत्याशी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर दिलचस्प मुकाबले में 9,399 वोटों से जीत हासिल की। नालागढ़ में भी कांग्रेस की जीत हुई है, कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने बीजेपी के प्रत्याशी केएल ठाकुर को 8,990 वोटों से शिकस्त दी।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर बीजेपी के कमलेश शाह ने कांग्रेस के धीरन शाह को 3,027 वोटों से हराया। 2023 के विधानसभा चुनाव में यह सीट कांग्रेस के पास थी, लेकिन कमलेश शाह बीजेपी में शामिल हो गए थे, जिसके बाद उपचुनाव हुआ।

बिहार
रुपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जेडीयू और आरजेडी को हराकर जीत हासिल की। शंकर सिंह ने 8,246 वोटों से जेडीयू के कलाधर मंडल को हराया। वहीं बीमा भारती तीसरे नंबर पर रहीं। बीमा भारती इस सीट पर विधायक थीं, उनके आरजेडी में शामिल होने की वजह से यह सीट खाली हुई थी।

पंजाब
जालंधर पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने बीजेपी के शीतल अंगुरल को 37,325 वोटों से हराया। यह सीट पहले भी आम आदमी पार्टी के पास थी, लेकिन शीतल अंगुरल बीजेपी में शामिल हो गए थे, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

तमिलनाडु
देश के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु के विकरावंडी सीट पर डीएमके के अन्नियुर शिवा ने पट्टाली मक्कल काची पार्टी के अन्बुमणि. सी को 67,757 वोटों से हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *