UP Board Result 2026 OUT: बेटियों ने फिर मारी बाजी, CM योगी बोले: मां सरस्वती से यही प्रार्थना..

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों ही कक्षाओं में बढ़त बनाई है। रिजल्ट घोषित होते ही मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

CM योगी की पहली प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. यह सफलता आपके अथक परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है. आप सभी विद्यार्थी भविष्य में भी इसी लगन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलता के नित नए आयाम स्थापित करें, मां सरस्वती से यही प्रार्थना है.”

इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा टॉपर

इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर 97.20 प्रतिशत के साथ नंदिनी गुप्ता और श्रिया वर्मा रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

हाईस्कूल में कशिश और अंशिका टॉप

हाईस्कूल में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक लाकर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर अदिति (97.50 प्रतिशत) रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

पास प्रतिशत में भी छात्राएं आगे

इस वर्ष हाईस्कूल में कुल 90.42 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे, जिसमें लड़कों का पास प्रतिशत 87.30 और लड़कियों का 93.76 रहा। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 80.38 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए, जिसमें लड़कों का 75.04 और लड़कियों का 86.32 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया।

रिकॉर्ड समय में जारी हुआ रिजल्ट

प्रयागराज स्थित बोर्ड मुख्यालय में शाम 4 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में Mahendra Dev और Bhagwati Singh ने संयुक्त रूप से परिणाम घोषित किया। इस साल 50 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी और बोर्ड ने मूल्यांकन के बाद महज 20 दिनों में रिजल्ट जारी कर रिकॉर्ड बनाया। नकलविहीन परीक्षा आयोजित कराने को लेकर भी बोर्ड की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *