‘अगर बौद्धों का राज आया तो…’, प्रज्ञा ठाकुर पर भड़के उदित राज, बोले- 99% मंदिर बौद्ध मठों को तोड़कर बनाए गए

भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद देश की सियासत गरमा गई है। बीजेपी की पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और कांग्रेस नेता उदित राज के बीच जुबानी जंग तीखे स्तर पर पहुंच गई है। प्रज्ञा ठाकुर ने जहां काशी और मथुरा के ‘स्थायी समाधान’ की मांग की, वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने पलटवार करते हुए दावा किया कि देश के 99 प्रतिशत मंदिर बौद्ध स्थलों को तोड़कर या उन पर कब्जा करके बनाए गए हैं।

‘तिरुपति, पुरी और केदारनाथ बौद्ध स्थल हैं’

उदित राज ने साध्वी प्रज्ञा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए एक बड़ा विवादित दावा किया। उन्होंने कहा, “99 प्रतिशत मंदिर बौद्ध स्थलों पर बने हुए हैं. तिरुपति, पुरी और केदारनाथ बौद्ध स्थल हैं, जबकि मथुरा और काशी बौद्धों का केंद्र रहे हैं.” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर खुदाई जारी रही तो वहां हिंदू धर्म के नहीं, बल्कि बौद्ध धर्म के अवशेष ही मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगर ‘स्थायी समाधान’ की बात होगी, तो बहुत सारे मंदिरों को वापस बौद्ध विहारों में बदलना पड़ेगा।

‘बौद्धों का राज आया तो क्या मंदिर तोड़ डालेंगे?’

कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर इतिहास को कुरेदने का आरोप लगाते हुए एक हाइपोथेटिकल (काल्पनिक) सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “अगर कल बौद्धों का राज आ गया तो क्या (वे) बौद्ध स्थल पर बने 99 प्रतिशत मंदिर तोड़ डालेंगे या उसकी बुनियाद उखाड़ डालेंगे?” उन्होंने आरोप लगाया कि बोध गया में एक छोटा सा हिंदू मंदिर बनाकर अतिक्रमण किया गया और कश्मीर में भी बौद्ध विहार ही मिलते हैं। उदित राज ने कहा कि जो भी राजा या धर्म आए, वे अपनी संस्कृति लाए, लेकिन बीजेपी ने भारत को बर्बाद करने का ठेका ले रखा है।

‘प्रज्ञा ठाकुर अपना DNA टेस्ट करवाएं’

विवाद सिर्फ मंदिरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि निजी हमलों तक पहुंच गया। साध्वी प्रज्ञा ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा था कि ‘विदेशी मां का बेटा कभी देशभक्त नहीं हो सकता.’ इस पर उदित राज ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय सपूत राजीव गांधी के बेटे हैं, इसलिए प्रज्ञा ठाकुर भारतीय परंपरा के खिलाफ बोल रही हैं। गुस्से में उदित राज ने यहां तक कह दिया, “प्रज्ञा सिंह ठाकुर को अपना डीएनए टेस्ट करवाना चाहिए. इनका डीएनए टेस्ट होगा, तो पता चलेगा कि ये विदेशी हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *