ट्रंप ने चीन से घटाया टैरिफ, शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रेड डील की उम्मीदें बढ़ीं

US-China Trade News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच करीब 6 साल बाद मुलाकात हुई। यह अहम बैठक गुरुवार (30 अक्टूबर) को दक्षिण कोरिया के शहर बुसान में हुई। मुलाकात के बाद ट्रंप ने चीन पर लगाए गए टैरिफ को घटाने का बड़ा फैसला लिया और कहा कि जल्द ही नई ट्रेड डील को लेकर सकारात्मक खबर मिलेगी।

10% घटाया गया टैरिफ, तुरंत प्रभाव से लागू

‘एएनआई’ की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा,
“जैसा कि आप जानते हैं, मैंने चीन पर फेंटानिल की वजह से 20 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, लेकिन उनकी बातें सुनने के बाद मैंने इसे 10 प्रतिशत घटा दिया है और यह तुरंत प्रभावी होगा।”

इस घोषणा के साथ ही ट्रंप प्रशासन ने चीन पर लगाए गए कुल टैरिफ को 57% से घटाकर 47% कर दिया है।

अप्रैल में ट्रंप करेंगे चीन का दौरा

डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि मीटिंग के दौरान कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह अप्रैल में चीन की यात्रा करेंगे और वहां एक ट्रेड डील पर हस्ताक्षर करने की उम्मीद है। इसके बाद शी जिनपिंग भी अमेरिका की यात्रा करेंगे।

चीन फिर से खरीदेगा अमेरिकी सोयाबीन

बैठक के बाद ट्रंप ने जानकारी दी कि चीन ने अमेरिकी सोयाबीन की खरीद फिर से शुरू करने पर सहमति जताई है। यह निर्णय दोनों देशों के बीच पिछले कई महीनों से चल रही आर्थिक तनातनी को कम करने में मदद करेगा।

बता दें कि ट्रंप सरकार द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने के बाद चीन ने अमेरिकी सोयाबीन की खरीद बंद कर दी थी, जिससे अमेरिकी किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। अब दोनों देशों के बीच व्यापारिक मतभेदों में नरमी के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *