
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान मंगलवार और बुधवार को काफी हंगामा मचा। कांग्रेस ने उद्योगपति गौतम अडानी को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की वहीं बीजेपी के सांसदों ने भी इसका जवाब दिया।बुधवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भाषण पर पलटवार कर रही थीं तब उन्होंने अडानी का जिक्र करते हुए पूछा कि कांग्रेस की सरकार में पार्टी अडाणी के करीब क्यों थी?केंद्रीय मंत्री ने एक तस्वीर सदन को दिखाते हुए अडानी का जिक्र करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा, “सदन में लोग कब से अडानी-अडानी कर रहे हैं… तो थोड़ा मैं भी बोल दूं। फोटो मेरे पास भी है ये (अडानी) इतने ही खराब हैं तो जीजाजी (रॉबर्ट वाड्रा) उनके साथ क्या कर रहे हैं।” मंगलवार को अविश्वास प्रस्ताव पर भाषण के दौरान बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की बात का जिक्र करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा, “निशिकांत दुबे जी ने सही कहा था – किसी को सेट करो किसी को भेंट करो।”केंद्रीय मंत्री ने कहा, “1993 में मुंद्रा पोर्ट में कांग्रेस की सरकार ने अडानी को जगह दी, तब प्रधानमंत्री कौन थे? वित्त मंत्री कौन थे? यूपीए कार्यकाल में अडानी को 72,000 करोड़ का लोन दिया।” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान में अडानी के साथ 60,000 करोड़ रुपये का समझौता कर लिया, निवेश के लिए अडानी को राजस्थान क्यों बुलाया गया मैं पूछना चाहती हूं।स्मृति ईरानी ने कहा, “केरल में कांग्रेस की सरकार के साथ पोर्ट का काम क्यों दिया। महाराष्ट्र में जब कांग्रेस के पास सत्ता थी तब कांग्रेस ने अडानी को पोर्ट का काम क्यों दिया? बंगाल में हल्दिया पोर्ट का काम अडानी को क्यों दिया? अब इसमें बेटा कितना सेट होगा और दामाद को कितना भेंट होगा हम क्या जानें?”